नई दिल्ली
मॉनसून के रुखसत होते ही मौसम ने पलटी मारी है। दिन में भले ही तेज धूप निकलती हो, रात में हल्की ठंड सताने लगी है। सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की मानें तो मंगलवार रात को तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। IMD की सिटी वेबसाइट पर दिल्ली में अगले 7 दिनों के मौसम का पूर्वानुमान उपलब्ध है। इसके अनुसार, 5 अक्टूबर तक यूं ही रात का टेम्प्रेचर दिन के आधे लेवल तक पहुंचता रहेगा। गुरुवार तक दिन के समय तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रात को यह गिरकर 18 डिग्री तक आ जाएगा। इसके बाद, अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर घटने लगेगा। शनिवार तक अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहने का अनुमान है। दिल्ली-एनसीआर में पूरे हफ्ते आसमान साफ रहेगा।
दिन में गर्मी, रात में ठंड… वजह क्या है
दिल्ली से मॉनसून के जाने की आधिकारिक घोषणा 30 सितंबर को हुई। IMD के सीनियर साइंटिस्ट कुलदीप श्रीवास्तव ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा, ‘मॉनसून पीरियड अवधि के दौरान, हवा की दिशा मुख्य रूप से पूर्वी या दक्षिण-पूर्वी होती है, लेकिन वापसी पूरी होने के बाद यह उत्तर-पश्चिमी हो जाती है। ये शुष्क और अधिक ठंडी हवाएं हैं। नमी की गैरमौजूदगी के चलते भी आसमान साफ है, जिससे दिन काफी गर्म और रातें ठंडी हो रही हैं।’
दिल्ली में तापमान का उतार-चढ़ाव कब तक चलेगा
आईएमडी का अनुमान है कि आने वाले रविवार तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रहेगा। हवा की दिशा के अनुसार, शनिवार और रविवार को 2-3 डिग्री बढ़ने से पहले, गुरुवार तक न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
अक्टूबर में गुलाबी ठंड, और कितना गिरेगा पारा
श्रीवास्तव ने कहा कि फिलहाल दिल्ली के ऊपर बादलों का कवर भी नहीं है। नतीजा दिन के वक्त जो हीट जेनरेट होती है, वह रात के दौरान वातावरण में घुल जाती है। उसी समय, उत्तर-पश्चिमी हवाएं क्षेत्र को ठंडा कर देती हैं।आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, हर साल अक्टूबर के पहले या दूसरे सप्ताह के आसपास न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। आखिरी सप्ताह तक, न्यूनतम तापमान अक्सर 15°C से नीचे चला जाता है। पिछले साल, अक्टूबर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस था, जो 25 अक्टूबर को दर्ज किया गया था।
