नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस के एक एसएचओ की डेंगू से मौत हो गई। सरिता विहार के एसचओ को दो दिन से डेंगू था और वह दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती थे। राजधानी दिल्ली में एक बार फिर डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। अक्टूबर में डेंगू के काफी मामले सामने आए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अक्टूबर में डेंगू के 1,200 से अधिक मामले सामने आए, जिससे इस साल अब तक इसके मामलों की संख्या 2,000 के पार हो गई। अक्टूबर माह में 26 तारीख तक दर्ज किए गए 1,238 मामले इस साल दर्ज किए गए डेंगू के कुल मामलों के आधे से अधिक हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि दिल्ली में इस साल मलेरिया के 200 मामले और चिकनगुनिया के 40 मामले भी सामने आये हैं। 19 अक्टूबर तक डेंगू संक्रमण की संख्या 1,876 थी।
कुछ दिनों से घरों में मच्छरों की संख्या बढ़ने से लोग परेशान हैं। दिवाली के बाद अक्सर ऐसा देखने को नहीं मिलता है और मच्छरों की संख्या कम हो जाती है। लेकिन इस बार उलटा हो रहा है। एमसीडी अफसरों का कहना है कि मच्छरों को जिंदा रहने के लिए तापमान कम से कम रूम टेंपरेचर के बराबर होना चाहिए। इससे कम तापमान होने पर मच्छरों का सर्वाइव करना मुश्किल होता है।
