16.4 C
London
Tuesday, April 28, 2026
Homeराष्ट्रीयदेर रात तेजी से बढ़ा यमुना का पानी, दिल्ली ITO के पास...

देर रात तेजी से बढ़ा यमुना का पानी, दिल्ली ITO के पास पहुंच गया बाढ़ का पानी, अलर्ट जारी

Published on

नई दिल्‍ली

राजधानी टेंशन में है। यमुना में उठतीं लहरों की दहाड़ से दिल्‍लीवासी थरथराने लगे हैं। नदी का जलस्‍तर खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार कर चुका है। रात 10 बजे तक यह 208 मीटर तक पहुंच गया। जबक‍ि अनुमान यह था क‍ि गुरुवार को नदी का लेवल यहां तक पहुंचेगा। पहाड़ों से पानी आने के कारण जलस्‍तर तेजी से बढ़ रहा है। सुबह से लगातार धीरे-धीरे जलस्‍तर बढ़ने की खबरें आती गईं। देर रात इसने अब तक के सभी र‍िकॉर्ड ध्‍वस्‍त कर द‍िए। राजधानी ने यमुना में इतना पानी कभी नहीं देखा है। नौबत यह आ गई क‍ि आईटीओ तक बाढ़ का पानी आ गया। नॉर्थ दिल्‍ली में भी नदी का पानी दुकानों और घरों में पहुंच गया। हरियाणा ने पानी छोड़ने और इंद्रदेव ने बरसने में ऐसी ‘दरियादिली’ बनाए रखी तो दिल्‍ली का दरिया बनाना भी तय है। दिल्‍ली सरकार भी ऐक्‍शन में आ गई है। जलस्‍तर के खतरे के ऊपर निकल जाने के बाद बुधवार को सीएम अरविंद केजरीवाल ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। सीएम ने केंद्र से हस्‍तक्षेप की भी गुजारिश की है। उससे यह सुनिश्चित करने के लिए अपील की है कि नदी के स्‍तर को अब और न बढ़ने दिया जाए।

दिल्‍ली में यमुना को देखकर लोगों का ब्‍लड प्रेशर बढ़ रहा है। लोगों ने आज तक कभी यमुना में इतना पानी नहीं देखा है। सरकारी एजेंसियों ने बुधवार को बताया कि यमुना का जलस्तर 1978 में 207.49 मीटर तक पहुंच गया था। अब इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए जलस्तर 208.05 मीटर तक पहुंच गया है। 1978 में दिल्‍ली में बाढ़ आई थी। बड़ी संख्‍या में लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया था। कई इलाके जलमग्‍न हो गए थे। अब दोबारा बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

नॉर्थ द‍िल्‍ली में घुसने लगा बाढ़ का पानी
नॉर्थ दिल्ली में मोनेस्टरी बाजार में यमुना नदी के बाढ़ का पानी घुस जाने से स्थानीय लोग कपड़े, बर्तन और अन्य वस्तुओं को बचाने के लिए इधर-उधर भागते दिखे। एक दुकानदार ने चुटकी लेते हुए कहा कि यह तो ‘वेनिस की गलियों में’ बदल गया है। मोनेस्टरी बाजार उन स्थानों में से एक है जो यमुना नदी के रिकॉर्ड स्तर पर बहने से प्रभावित हुआ है।

सीएम केजरीवाल ने केंद्र से की अपील
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शहर में यमुना नदी के पानी के रिकॉर्ड स्तर 207.55 मीटर पर पहुंच जाने के बाद आपात बैठक बुलाई। जिलाधिकारियों को जरूरत पड़ने पर स्कूलों को राहत शिविरों में बदलने को कहा गया है। सीएम ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र शेखावत से फोन पर बातबीच का जिक्र करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश से हरियाणा को छोड़े जाने वाला पानी कम हुआ है। इसका यमुना के स्तर पर असर पड़ेगा। एनडीआरएफ को सूचित किया गया है कि उसकी मदद मांगी जा सकती है। सीएम ने गृह मंत्री अमित शाह से इस मुश्किल समय के बीच मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली में पिछले दो दिन से बारिश नहीं हुई है। हालांकि, हथिनीकुंड बराज में हरियाणा की ओर से असामान्य रूप से अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का स्तर बढ़ रहा है। केंद्र से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाता है कि यमुना का जलस्तर और न बढ़े। वर्ष 1978 में उच्चतम बाढ़ स्तर 207.49 मीटर था। वर्तमान स्तर 207.55 मीटर है।’

एलजी ने गुरुवार को बुलाई बैठक
इस बीच दिल्ली उपराज्यपाल वीके सक्‍सेना ने यमुना के बढ़ते जलस्तर पर गुरुवार को डीडीएमए की बैठक बुलाई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, यमुना का जलस्तर रात 9 बजे तक 207.95 मीटर पर पहुंच गया था।दिल्ली सरकार ने पहले रविवार और बाद में मंगलवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी। अधिकारियों से सतर्क रहने और संवेदनशील इलाकों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया था। इसके अलावा त्वरित प्रतिक्रिया दल और नौकाएं तैनात की गई हैं। दिल्ली सरकार ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों और यमुना के जलस्तर की निगरानी के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष सहित 16 नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं।

यमुना नदी प्रणाली के जलग्रहण क्षेत्र में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्से शामिल हैं। उत्तर-पश्चिम भारत में पिछले तीन दिन से लगातार बारिश हो रही है। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में ‘भारी से अत्यधिक भारी’ वर्षा दर्ज की गई है। इससे नदियां, नाले उफान पर हैं। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में बुनियादी ढांचे को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है। आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

Latest articles

विधानसभा में 33% महिला आरक्षण का संकल्प पारित: CM बोले-कांग्रेस ने बहनों की क्षमता-आकांक्षाओं की पीठ में खंजर घोंपा

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के विशेष एक दिवसीय सत्र में सोमवार को ‘नारी शक्ति वंदन’...

मनरेगा ई-केवाईसी में छत्तीसगढ़ देश में अव्वल: 97.11% लक्ष्य पूरा कर रचा इतिहास, बड़े राज्यों को भी पछाड़ा

  रायपुर। छत्तीसगढ़ ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के क्रियान्वयन में...

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से की शिष्टाचार भेंट, विकास और जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने बेंगलुरु प्रवास के दौरान कर्नाटक के...

More like this

बंगाल चुनाव में ‘बंपर वोटिंग’, आज़ादी के बाद बना नया रिकॉर्ड, पहले चरण में 93% मतदान

तमिलनाडु के इतिहास में अब तक की सबसे ज़्यादा 85% वोटिंग कोलकाता। पश्चिम बंगाल और...

पहलगाम हमले की बरसी: PM मोदी ने जान गंवाने वाले निर्दोषों को याद किया, कहा- आतंक के आगे भारत कभी नहीं झुकेगा

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले की पहली बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भावुक...

महिला आरक्षण बिल पास नहीं हुआ, PM बोले- माफी मांगता हूं

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्र को संबोधित किया। इस दौरान पीएम...