नई दिल्ली
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की लिस्ट में बदलाव किया है। पार्टी ने मटिया महल सीट से अपना उम्मीदवार बदला है। अब इस सीट से आले मोहम्मद इकबाल को आप ने उम्मीदवार बनाया था। यहां से पार्टी ने इकबाल के पिता और विधायक शोएब इकबाल को टिकट दिया था। आले इकबाल एमसीडी के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। इकबाल चौथे ऐसे उम्मीदवार हैं, जिन्हें आप ने उनके परिजन की जगह मौका दिया है।
कौन हैं आले मोहम्मद इकबाल?
आले मोहम्मद इकबाल मटिया महल के वार्ड 76 से पार्षद हैं। वो 2023 में दिल्ली नगर निगम यानी एमसीडी के डिप्टी मेयर भी रह चुके हैं। उनके पिता शोएब इकलाब 6 बार के विधायक हैं। वहीं आले मोहम्मद इकबाल 2012 से ही लगातार एमसीडी के पार्षद चुने जा रहे हैं। 2022 में एमसीडी चुनाव में सबसे बड़ी जीत दर्ज करने वाले पार्षद भी आले इकबाल ही बने थे।
AAP ने 4 सीटों पर विधायकों के परिजनों को दिया है टिकट
आले मोहम्मद इकबाल को उनके पिता शोएब इकबाल की जगह उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा ऐसी तीन अन्य सीटें भी हैं, जहां पार्टी ने मौजूदा विधायक के बेटे या पत्नी को मैदान में उतारा है। AAP ने कृष्णा नगर सीट से विधायक एसके बग्गा की जगह उनके बेटे विकास बग्गा को टिकट दिया है। इसी तरह चांदनी चौक सीट से प्रह्लाद साहनी की जगह उनके बेटे पुरुनद्वीप साहनी को टिकट मिला है। वहीं उत्तम नगर सीट से विधायक नरेश बाल्यान की पत्नी पूजा बाल्यान को उम्मीदवार बनाया है।
