नई दिल्ली
‘जबरन वसूली’ मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक नरेश बालियान की गिरफ्तारी का मामला दिल्ली की सियासत में छाया हुआ है। हाल ही में AAP को छोड़कर बीजेपी का दामन थामने वाले कैलाश गहलोत ने सनसनीखेज दावा किया है। उन्होंने कहा है कि ‘इसे साजिश कहना गलत होगा, क्योंकि यह मामला एक साल से सभी के संज्ञान में है कि विधायक और गैंगस्टर के बीच संबंध है।’
गहलोत ने कहा कि ‘चिंता की बात यह है कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय संयोजक को इसके बारे में जानकारी होने के बावजूद पार्टी ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिस ऑडियो क्लिप की बात हो रही है वह 30 सेकंड ही नहीं, बल्कि, 5 मिनट से ज्यादा का है। इसमें साफ तौर पर वह बात करते हुए नजर आ रहे हैं।’
‘ऐसा लगता है कि किसी ने…’
वहीं, पदयात्रा के दौरान ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल पर तरल पदार्थ फेंके जाने पर बीजेपी नेता कैलाश गहलोत ने कहा है कि ‘जहां तक मैंने देखा है, ऐसा लगता है कि किसी ने पानी फेंका है, और केजरीवाल दावा कर रहे हैं कि वह एक बस मार्शल था। वे अपनी ओर ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन इस तरह की घटना को ध्यान से देखने की जरूरत है। बहुत ऐसी चीज है, जो आप और हम लोग समझ नहीं रहे हैं। इसके पीछे की कहानी को समझना जरूरी है। मैं यह नहीं कह सकता है कि यह सुनियोजित है। अगर इस तरह की घटना होती है तो इसकी सख्ती से जांच होनी चाहिए।’
