दिल्ली
पिछले दिनों अपने गुजरात दौरे पर अरविंद केजरीवाल एक ऑटो में बैठकर ऑटो वाले घर जा रहे थे तभी गुजरात पुलिस ने उन्हें रोक लिया था। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए गुजरात पुलिस ने अपनी गाड़ी में चलने के लिए कहा था। जिसके बाद केजरीवाल गुजरात पुलिस के जवानों पर भड़क गए, उन्हें बुरा-भला कहा था। बाद में ऑटो वाले के घर पहुंच कर केजरीवाल ने खाना खाया था।
गुरूवार को दिल्ली भाजपा विधायक ऑटो का एक काफिला लेकर अरविंद केजरीवाल के घर पहुंचे और कहा गुजरात में ऑटो से चलते हैं, यहां भी इससे चलिए। भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा,”जब ये गुजरात जाते हैं तो पंजाब सरकार के हवाई जहाज में जाते हैं जिसमें 50 लाख का खर्च आता है और जब लोगों के बीच जाते हैं तो ऑटो रिक्शा में जाते हैं,गुजरात पुलिस कहती है कि हम आपकी सुरक्षा के लिए हैं तो केजरीवाल उन्हें अपमानित करते हुए कहते हैं,आप अपनी सुरक्षा ले जाइए,हमें इसकी आवश्यकता नहीं है”
भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आगे कहा,” गुजरात में वो ऑटो से चलते हैं लेकिन जब वो दिल्ली में होते हैं तो विधानसभा जाते हुए 27 गाड़ियों का काफिला उनके साथ चलता है, दो सौ जवान उनकी सुरक्षा में लगे होते हैं, जिसमें 70 सुरक्षाकर्मी दिल्ली पुलिस के हैं और 150 सुरक्षाकर्मी उन्होंने पंजाब से लिए हुए हैं।”उन्होंने कहा,”अगर अरविंद केजरीवाल को ऑटो से बहुत प्यार है तो हम सभी विधायक उन्हें ऑटो रिक्शा भेंट करने आए हैं,वो घर से बाहर आएं”
भाजपा विधायकों ने बताया कि वो पांच ऑटो लेकर आए हुए हैं, जिसमें एक दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के लिए है, दो ऑटो उनको एस्कॉर्ट करेंगे,एक ऑटो पायलट के लिए होगा और एक उनके निजी सचिव के लिए, हम अरविंद केजरीवाल को ये पांच ऑटो भेंट करने आए हैं।
