नई दिल्ली,
दिल्ली बीजेपी चीफ वीरेंद्र सचदेवा के विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने की बात सामने आ रही है. सूत्रों के मुताबिक सचदेवा चुनाव न लड़कर पूरी 70 सीटों पर प्रत्याशियों को जिताने के लिए काम करेंगे. बीजेपी से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पार्टी आलाकमान सें उन्होंने कहा है कि वो पार्टी की 70 सीटों पर उम्मीदवारों के लिए जीत सुनिश्चित करने का काम करेंगे. बता दें कि कुछ दिनों पहले ही सचदेवा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी.
बता दें कि दिल्ली कि 70 विधानसभा सीटों पर फरवरी तक चुनाव होना है. हालांकि, अभी चुनावों की तारीखें सामने नहीं आई हैं. लेकिन कहा जा रहा है कि दिल्ली विधान सभा चुनाव कार्यक्रम के एलान की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है. अगले हफ्ते की शुरुआत में ही विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा हो जाएगी. इस संबंध में चुनाव आयोग सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकता है. निर्वाचन आयोग में उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक 12 से 14 फरवरी के बीच मतदान होने की उम्मीद है, और 17 फरवरी तक नतीजे घोषित किए जा सकते हैं.
