नई दिल्ली
क्रिकेट में अक्सर कहा जाता है कि जब तक अंपायर इशारा नहीं कर दे तब तक जश्न नहीं मनाना चाहिए। अगर उससे पहले जश्न मनाने लगे और फैसला विपक्ष में आया तो शर्मिंदा होना पड़ता है। कुछ ऐसा ही देखने को मिला ACC Mens Emerging Teams Asia Cup 2023 के दूसरे सेमीफाइनल में। भारत और बांग्लादेश के बीच मुकाबले में निकिन जोस के खिलाफ स्टंप आउट की अपील की और थर्ड अंपायर फैसला देता इससे पहले ही जश्न में डूब गए। इसके बाद जो कुछ हुआ वह देखने के बाद बांग्लादेशी खिलाड़ी सिर पीटने लगे।
दरअसल, भारतीय पारी का 14वां ओवर रकिबुल हसन करने आए। ओवर की तीसरी गेंद पर भारतीय बल्लेबाज निकिन जोस बड़ हिट लगाना चाहते थे, लेकिन अचानक उन्होंने डिफेंसिव होने का फैसला किया। इस दौरान शॉट चूक गए। जब वह समझ पाते गेंद विकेटकीपर तक पहुंच गई थी। बांग्लादेशी विकेटकीपर ने तत्काल गेंद स्टंप में भिड़ा दिए। अब फील्ड अंपायर को कुछ गफलत लगी तो उन्होंने थर्ड अंपायर को रेफर कर दिया।
— IndiaCricket (@IndiaCrick18158) July 21, 2023
टीवी रिप्ले में लगभग 3-4 मिनट तक देखने के बाद थर्ड अंपायर ने अपना फैसला दिया और निकिन जोस को नॉट आउट करार दिया। हालांकि, इस बीच बांग्लादेशी टीम को कोई कन्फ्यूजन हुई और उसके खिलाड़ी जश्न मनाने लगे। यहां रोचक बात यह है कि फील्ड अंपायर भी उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे थे कि अभी फैसला नहीं आया है, लेकिन वे तो जश्न में मशगुल थे।
कुछ देर बाद जब स्कोरबोर्ड पर ग्रीन बत्ती जली तो बांग्लादेश के खिलाड़ी अपना सिर पीटने लगे। कॉमेंटेटर्स हालांकि इस मामले में बंटे हुए थे। कुछ को लग रहा था कि निकिन आउट हैं, जबकि कुछ को लग रहा था कि गिल्लियां उड़ने से पहले ही निकिन ने अपना पैर क्रीज में जमा दिया था। हालांकि, इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा सके और निकिन 17 रन पर सैफ हसन की गेंद पर चलते बने।
