नई दिल्ली
आईपीएल के बाद इस वक्त भारत में टीएनपीएल यानी तमिलनाडु प्रीमियर लीग का खुमार छाया हुआ है। टीएनपीएल का आंठवा मुकाबला मदुरै पैंथर्स और डंडीगुल ड्रैगन्स के बीच खेला गया। इस मैच में अगर किसी खिलाड़ी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरी हैं, तो वह हैं अश्विन। मुर्गन अश्विन ने अपनी गेंदबाजी या बल्लेबाजी से नहीं बल्कि अपनी फील्डिंग से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने हवा में उड़कर इतना शानदार कैच पकड़ा कि सब सन्न रह गए। उनके इस कैच की वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मुर्गन अश्विन ने पकड़ा अविश्वसनीय कैच
दरअसल, डिंडीगुल ड्रैगन्स की पारी के चौथे ओवर की चौथी गेंद पर एस अरुण स्ट्राइक पर थे। अरुण ने कवर्स के ऊपर से एक बड़ा शॉट खेलना चाहा। लेकिन वह गेंद को टाइम नहीं कर पाए। ऐसे में गेंद हवा में थी और बाउंड्री की तरफ जा रही थी। मदुरै पैंथर्स के लिए खेल रहे मुर्गन अश्विन ने गेंद पर नजरें जमाई रखी, और उन्होंने पीछे भागते हुए हवा में उड़कर एक गजब कैच लपक लिया। फैंस उनके इस कैच की जमकर सरहाना कर रहे हैं। इसके अलावा बात करें मैच की तो मदुरै पहले बल्लेबाजी करते हुए 123 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। ऐसे में 124 रन का आसान सा लक्ष्य डिंडीगुल ने 14.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। ड्रैगन्स यह मुकाबला 7 विकेट से जीत गई थी।
Welcome to Murugan Ashwin Airlines, this is your captain speaking👨✈️✈️#NammaOoruNammaGethu #TNPL #DD #SMP #DDvsSMP pic.twitter.com/1BJuQzNleM
— Star Sports Tamil (@StarSportsTamil) June 19, 2023
आईपीएल भी खेल चुके हैं अश्विन
32 वर्षीय मुर्गन अश्विन ने आईपीएल में भी अपना कमाल दिखाया है। उन्होंने आईपीएल में कुल 44 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 8.01 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए 35 विकेट झटके हैं। अश्विन आईपीएल में राइजिंग पुणे सुुपरजायंट्स, दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल चुके हैं। अश्विन आईपीएल 2023 में राजस्थान रॉयल्स का ही हिस्सा थे।
