कराची,
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में बदलावों का दौर जारी है. इसी बीच अब पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम पर भी गाज गिर सकती है. उनकी कप्तानी छिन सकती है, खासकर टेस्ट फॉर्मेट से. हाल ही में पीसीबी के अध्यक्ष पद से रमीज राजा को हटाया है. जबकि नजम सेठी नए चीफ बने हैं. पूर्व पाकिस्तानी कप्तान शाहिद आफरीदी को चीफ सेलेक्टर भी बनाया गया है.
हाल ही में पाकिस्तान टीम को उसी के घर में इंग्लैंड ने टेस्ट सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था. इसके बाद से ही बाबर आजम की कप्तानी की जमकर आलोचना की जा रही है. अब पाकिस्तान टीम अपने घर में न्यूजीलैंड से टेस्ट सीरीज खेल रही है.
खासकर टेस्ट में छिन सकती है बाबर की कप्तानी
इसी बीच सोमवार (26 दिसंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में नजम सेठी से बाबर आजम और उनकी कप्तानी को लेकर सवाल किया गया. इस पर नजम सेठी ने कहा कि बाबर पाकिस्तान का स्टार है. वो तो हमारे दिलों में बैठा है. हालांकि स्प्लिट कप्तानी (अलग-अलग फॉर्मेट में अलग-अलग कप्तान की थ्योरी) को लेकर नजम सेठी ने कहा कि यह फैसला सेलेक्टर्स और कमेटी करेगी. उसके बाद ही कोई फैसला लिया जा सकेगा.
इस बयान से साफ है कि यदि सेलेक्टर्स या कमेटी ने सिफारिश की, तो बाबर की कप्तानी जाना तय है. यह भी हो सकता है कि स्प्लिट कप्तानी फॉर्मूला लागू हो सकता है. यानी टेस्ट फॉर्मेट में अलग कप्तान और सीमित ओवर्स (वनडे-टी20) फॉर्मेट में अलग कप्तान हो सकता है.
पत्रकार के सवाल पर क्या बोले नजम सेठी?
पत्रकार ने पूछा- रमीज राजा का मानना था कि बाबर आजम के बगैर कोई जिंदगी ही नहीं है. क्या आपका भी यही मानना है? इसके जवाब में नजम सेठी ने कहा, ‘बाबर पाकिस्तान का स्टार है. बाबर नहीं है, तो पाकिस्तान की टीम बगैर माटी के लाल की तरह है. वो तो हमारे दिलों में बैठा है. वहीं रहेगा वो.’
उन्होंने कहा, ‘आपको पता है ये क्रिकेट के फैसले मैं नहीं करता हैं. इनके लिए मैं सेलेक्टर्स लगा दूंगा. इसके बाद उनका काम है, वो कप्तान किसको लगाते हैं, किसको नहीं लगाते हैं. मैं सिर्फ पास करता हूं. ये वैसा ही जैसे प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति. थोड़ी बहुत बात जरूर होती है.’
पत्रकार ने पूछा कि पाकिस्तान में भी स्प्लिट कप्तानी देखने को मिलेगी या तीनों फॉर्मेट में बाबर आजम ही कप्तान होंगे? इसको लेकर सेठी ने कहा, ‘देखिए, मैंने तो इसको लेकर कुछ सोचा नहीं है. दो दिन हुए हैं अभी. मुझे थोड़ा वक्त दे दीजिए. कमेटी बनाएंगे पहले तो. कमेटी सिफारिश करेगी. उस पर कोई फैसला लेंगे. तभी जवाब दे सकेंगे.’
