चेन्नई
भारतीय हॉकी टीम ने एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली है. शुक्रवार (11 अगस्त) को चेन्नई में खेले गए सेमीफाइनल मैच में भारत ने जापान को 5-0 से हरा दिया. भारत की ओर से आकाशदीप सिंह (19वें मिनट), हरमनप्रीत सिंह (23वें मिनट), मनदीप सिंह (30वें मिनट), सुमित (39वें मिनट) और सेल्वम कार्थी (51वें मिनट) ने गोल दागे. अब फाइनल मुकाबले में भारत का सामना मलेशिया से होगा. मलेशिया ने पहले सेमीफाइनल में कोरिया को 6-2 से हरा दिया था.
भारतीय टीम यदि फाइनल मुकाबले में मलेशिया के खिलाफ जीत हासिल करती है तो वह चौथी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीत लेगी. भारत अभी तीन खिताब जीतकर पाकिस्तान के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर है. अब उसके पास पाकिस्तान को पछाड़ने का मौका रहेगा. भारत-पाकिस्तान के अलावा कोरिया ही एक मौके पर इस टूर्नामेंट को जीत पाया है. कोरिया ने साल 2021 के सीजन में खिताब जीता था.
पहले क्वार्टर में जापान ने भारत को जबरदस्त टक्कर दी और उसे कोई गोल नहीं करने दिया. इसके बाद भारत ने दूसरे क्वार्टर में शानदार वापसी करते हुए तीन गोल दागे. पहले आकाशदीप सिंह ने शानदार फील्ड गोल किया, फिर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार फॉर्म बरकरार रखते हुए पेन्लटी कॉर्नर पर बेहतरीन गोल दागा. मनदीप सिंह ने भी दूसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में फील्ड गोल करके टीम इंडिया को 3-0 से आगे कर दिया. सुमित ने तीसरे क्वार्टर और सेल्वम ने चौथे क्वार्टर में स्कोर कर भारत को बड़ी जीत दिलाने में मदद की.
बता दें कि इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान समेत कुल 6 टीमों ने भाग लिया. इसमें से पाकिस्तान और चीन की टीमें नॉकआउट में नहीं पहुंच पाई. ग्रुप स्टेज में सभी टीमों ने पांच-पांच मैच खेले. भारतीय टीम 13 पॉइंट्स के साथ टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में पहुंची. इस दौरान भारत ने पाकिस्तान को भी 4-0 से हरा दिया था. दूसरे नंबर पर मलेशिया रही, जिसके 12 अंक रहे. वहीं कोरिया, जापान और पाकिस्तान के बराबर 5-5 अंक रहे. जबकि चीन एक अंक ही ले सका. बेहतर गोल अंतर के आधार पर कोरिया और जापान भी सेमीफाइनल में पहुंचने में कामयाब रहा था.
भारत का 5वां गोल: भारतीय टीम की तरफ से 5वां गोल भी हो गया है। यह गोल लोकल बॉय कार्थी सेल्वम ने किया। 51वें मिनट में उन्होंने यह गोल किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लॉन्ग बॉल ने इस गोल में मदद की। स्कोर भारत 5-0 जापान
भारत का चौथा गोल: भारतीय टीम ने गोल की बरसात कर दी है। तीसरे क्वार्टर में सुमील ने टीम के लिए चौथा गोल किया। अभी तक हुए सभी गोल अलग-अलग खिलाड़ियों ने किए हैं। मनदीप सिंह ने इस गोल को असिस्ट किया। स्कोर भारत 4-0 जापान
भारत का तीसरा गोल: भारत ने दूसरे ही क्वार्टर में तीसरा गोल भी कर दिया है। ब्रेक से ठीक पहले मनदीप सिंह ने भारत के लिए यह गोल किया। भारत की बढ़त 3-0 की हो गई है। अब जापान के लिए यहां से वापसी करना काफी मुश्किल होने वाला है। स्कोर भारत 3-0 जापान
भारत का दूसरा गोल: भारतीय टीम की बढ़त 2-0 की हो गई है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर यह गोल किया। लीग राउंड में भारत जापान के खिलाफ 15 पेनल्टी कॉर्नर पर एक ही गोल कर पाया था। इस मैच में दो पर एक गोल हो चुका है। स्कोर भारत 2-0 जापान
भारत का पहला गोल: दूसरे क्वार्टर में भारत का खाता खुल गया है। टीम के लिए 19वें मिनट में आकाशदीप ने गोल किया। हार्दिक के शानदार खेलल से भारतीय टीम यह गोल कर पाई। उन्होंने आकाशदीप को गोल बनाकर दिया था। स्कोर भारत 1-0 जापान
पहले क्वार्टर में नहीं हुआ गोल: पहले क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल नहीं कर पाईं। भारत को दूसरे ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला था। लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह इस गोल नहीं कर पाए। इसके बाद भी टीम इंडिया ने अटैक जारी रखा, फिर भी सफलता नहीं मिली।
