नई दिल्ली:
क्या महेंद्र सिंह धोनी रिटायर होने वाले हैं? क्या दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ आज का मैच उनके शानदार IPL करियर का आखिरी मैच हो सकता है? दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला हो रहा है। इस मैच को देखने के लिए धोनी के माता-पिता चेपॉक स्टेडियम पहुंचे हैं। इसके बाद अटकलें तेज हो गईं। धोनी के पिता का नाम पान सिंह जबकि माता जी का नाम देवकी देवी है।
पहली बार स्टेडियम में माता पिता?
महेंद्र सिंह धोनी की पत्नी साक्षी और बेटी जीवा को स्टेडियम में आमतौर पर देखा जाता है। लेकिन उनके माता-पिता के साथ ऐसा नहीं है। यही वजह है कि धोनी के माता-पिता स्टेडियम में पहुंचे तो फैंस उनके संन्यास का कयास लगाने लगे हैं। धोनी इसी सीजन 9वें नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए उतरे। सीएसके के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इसपर कहा कि धोनी 10 ओवर तक बैटिंग नहीं कर सकते और इसी वजह से बल्लेबाजी के लिए नीचे आते हैं।
महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर
2008 में डेब्यू करने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने आईपीएल में 267 मैच खेले हैं। उन्होंने 232 पारियों में 5,289 रन बनाए हैं। उनका औसत 39.18 और स्ट्राइक रेट 137.70 का रहा है। इनमें से 237 मैच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेले गए हैं। इसमें उन्होंने 4,715 रन बनाए हैं। उनका औसत 40.30 और स्ट्राइक रेट 139.46 का रहा है। उनकी कप्तानी में चेन्नई ने पहले सीजन में ही फाइनल तक का सफर तय किया था। 2010 में टीम पहली बार चैंपियंन बनी। रोहित शर्मा के साथ धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा 5 ट्रॉफी जीतने वाले कप्तान भी हैं।
