पोर्ट ऑफ स्पेन
भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन लंच तक दूसरी पारी में एक विकेट पर 98 रन बनाए। पहली पारी में 183 रन की बढ़त हासिल करने वाले भारत की कुल बढ़त 281 रन की हो गई है। लंच के समय यशस्वी जायसवाल 37 रन बनाकर खेल रहे थे जबकि शुभमन गिल ने अभी खाता नहीं खोला है। रोहित शर्मा ने 57 रन बनाए। इससे पहले भारत के 438 रन के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 255 रन पर सिमट गई थी।
8 ओवर भी नहीं टिकी वेस्टइंडीज
चौथी दिन भारतीय टीम के लिए दिन की शुरुआत शानदार रही। तेज गेंदबाज मुकेश कुमार ने दिन के पहले ही ओवर में एलिक एथानाज को चलता कर दिया। अगले ओवर में मोहम्मद सिराज तीसरे दिन नॉट आउट लौटे जेसन होल्डर को अपनी रफ्तार में फंसाया। सिराज ने यहां से लगातार दबाव बनाया और चौथे दिन मेजबान टीम को 7.4 ओवर में महज 26 रन जोड़कर समेट दिया। उन्होंने लगातार दो गेंदों पर विकेट लेकर विंडीज की पारी का अंत किया।
सिराज ने झटके 5 विकेट
भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने 5 बल्लेबाजों को आउट किया। वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में वह हैट्रिक पर भी होंगे। सिराज ने आखिरी दो गेंदों पर दो बल्लेबाजों को आउट किया था। अब अगर दूसरी पारी में अपनी पहली गेंद पर विकेट लेते हैं तो हैट्रिक पूरा कर लेंगे। एक ही टेस्ट में कोई गेंदबाज दो पारी में भी लगातार तीन गेंद पर तीन विकेट लेता है तो हैट्रिक माना जाता है। हालांकि मैच बदलने के बाद ऐसा करने पर हैट्रिक नहीं गिना जाता है।21वां टेस्ट खेल रहे सिराज ने दूसरी बार टेस्ट की पारी में 5 विकेट लिए हैं। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ब्रिस्बेन टेस्ट में उन्होंने 5 विकेट लिए थे। ऋषभ पंत की पारी ने उस मैच में भारतीय टीम को जीत दिलाई थी।
