बेतिया
बिहार के बेतिया जिले में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) रजनीकांत के ठिकानों पर विजिलेंस विभाग ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान विभाग की टीम ने करीब 10 घंटे तक डीईओ के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी में लगभग दो करोड़ रुपये की नकदी बरामद की गई। इतनी बड़ी राशि की गिनती के लिए विजिलेंस टीम को नोट गिनने की मशीनों का सहारा लेना पड़ा, जिसमें पांच घंटे से अधिक का समय लगा।
बीजेपी सांसद ने जताया आभार
इस कार्रवाई पर बीजेपी सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने बिहार सरकार और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई उनकी शिकायत के आधार पर हुई। सांसद जायसवाल ने याद दिलाया कि चार महीने पहले 20 सूत्री बैठक में मंत्री जनक राम के सामने उन्होंने पश्चिम चंपारण में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया था।
डीईओ पर पहले भी गंभीर आरोप
सांसद जायसवाल ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान डीईओ की पत्नी से बेतिया मुफस्सिल थाने के पास एक करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे, लेकिन उस समय मामला दबा दिया गया।
बरामद नकदी को लेकर सवाल
सांसद ने इस बार की छापेमारी में बरामद राशि के बारे में भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग स्रोतों से भिन्न आंकड़े सामने आ रहे हैं। कहीं तीन करोड़ रुपये, तो कहीं 1.87 करोड़ और कहीं 1.27 करोड़ की बात कही जा रही है।
सरकार से विशेष जांच की मांग
जायसवाल ने सरकार से इस मामले की विशेष निगरानी और पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने यह जानना चाहा है कि अन्य छह स्थानों पर हुई छापेमारी में कुल कितनी राशि बरामद हुई। साथ ही, उन्होंने आम जनता से भी भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्क रहने और ऐसी गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की है।
