कटिहार
बिहार के कटिहार में बेखौफ बदमाशों ने बीजेपी नेता और पूर्व जिला पार्षद संजीव मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया। घटना बलरामपुर थाना इलाके के तेलता स्थित स्कूल के पास की है। आशंका जताई जा रही कि पुरानी रंजीश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
पूर्व जिला पार्षद संजीव मिश्रा का मर्डर
बताया जा रहा कि बलरामपुर थाना क्षेत्र के तेलता ओपी हाई स्कूल के बगल स्थित घर में घुसकर अज्ञात अपराधियों ने ये वारदात की। बदमाशों ने बीजेपी नेता और पूर्व जिला पार्षद संजीव मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वो बेहद मिलनसार और क्षेत्र में काफी लोकप्रिय थे। ऐसी चर्चा है कि राजनीतिक रंजिश में संजीव मिश्रा की अज्ञात बाइक पर सवार दो अपराधियों ने गोली मारकर हत्या की।
घटना से इलाके में सनसनी, लोगों का प्रदर्शन
जानकारी के मुताबिक, संजीव मिश्रा के सिर में गोली मारी गई। पहले भी इनपर एक साल पहले जानलेवा हमला हुआ था। जिसमे इन्हें सीने में अपराधियों ने गोली मारी थी। उस समय ये बाल-बाल बच गए थे। विधान पार्षद अशोक अग्रवाल के बेहद करीबी संजीव मिश्रा की हत्या से इलाके में सनसनी है। अक्रोशित लोगो ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
जिस जगह वारदात हुई वो इलाका बंगाल बॉर्डर का है। ऐसी आशंका जताई जा रही कि अपराधियों ने हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद बंगाल की ओर भाग गए होंगे। पुलिस तमाम बिंदुओं पर गहन जांच कर रही है। अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कह रही।
रिपोर्ट- मो. असदुर रहमान, कटिहार
