नागपुर
6 जनवरी को नागपुर के मार्टिन नगर में एक कपल ने अपनी शादी की 26वीं सालगिरह पर अपनी फैमिली और दोस्तों के साथ आधी रात तक पार्टी की। पार्टी में खूब हंसी-मजाक के साथ नाच गाना हुआ। पार्टी में आए मेहमानों को विदा करने के बाद कपल ने अपनी शादी के पुराने कपड़े पहने। दोनों ने स्टाम्प पेपर पर अपनी वसीयत लिखी और सोशल मीडिया पर दोस्तों के लिए वीडियो मैसेज पोस्ट किया। पहले पत्नी ने फांसी लगाई, फिर पत्नी के शव पर फूल चढ़ाने के बाद पति ने भी खुदकुशी कर ली। सुसाइड में उन्होंने अपनी आखिरी ख्वाहिश लिखी, हमें एक-दूसरे के साथ हाथ में हाथ डाले ही दफना देना। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट से यह पता नहीं चला कि दंपति ने जान क्यों दी?
मैरिज एनवर्सरी की पार्टी में खूब मस्ती की
मंगलवार यानी 7 जनवरी को मार्टिन नगर में एक खुशहाल दंपति के अचानक आत्महत्या करने से शोक की लहर दौड़ पड़ी। इलाके का हर आदमी इस खुदकुशी से हैरान था। जिस कपल ने अपनी मैरिज एनिवर्सरी के मौके पर 6 जनवरी की रात धमाकेदार पार्टी दी थी। घड़ी में ठीक 12 बजे अपनी सालगिरह का केक काटा था। जिन्होंने खुद भी जमकर एन्जॉय किया था, वे मौत को गले लगा चुके थे।
पत्नी के शव को ढंका, उस पर फूल चढ़ाए
57 साल के जेरिल डैमसन ऑस्कर मोनक्रिफ का शव किचन में लटका मिला। उनकी 46 साल की पत्नी एनी की लाश ड्राइंग रूम के बेड पर थी। एनी का शव कपड़े से ढका था और उस पर फूल रखे थे। क्राइम सीन देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि पहले एनी ने जान दी, फिर उसके शव को ढंकने के बाद मोनफ्रिक ने खुदकुशी की।
शायद निसंतान होने से दुखी था कपल
मोनक्रिफ दंपति के बच्चे नहीं थे। मौत से पहले उन्होंने अपने सोशल मीडिया स्टेटस को अपडेट किया। अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के वीडियो मैसेज में शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह अपने बच्चों की देखभाल शिद्दत करें। अपने सुसाइड नोट में कपल ने मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। इस मैसेज से यह आशंका जताई जा रही है कि शायद वह बच्चे नहीं होने से दुखी थे। मंगलवार सुबह 5.47 बजे सोशल मीडिया पर अपडेट की गई ऐनी के स्टेटस देखने के बाद रिश्तेदार उनके घर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
एक साथ एक कैफीन में दफन हुए
मंगलवार को जब मोनक्रिफ दंपति को दफनाया जा रहा था, तब लोगों की आंखें नम थी। उन्हें जरीपटका कैथोलिक कब्रिस्तान में एक ताबूत में हाथ में हाथ डालकर दफनाया गया। तीन पीढ़ियों से ताबूत बनाने वाले विजय एलिक माइकल के लिए यह अनोखी घटना थी। उन्होंने कहा कि पांच दशकों में वह पहला ऐसा ताबूत बना रहे हैं, जिसमें दो लोगों को एक साथ इस तरह दफनाया जा रहा है। दफन होने के दौरान भी कपल शादी के कपड़ों में थे।
बड़े होटलों में शेफ रह चुके थे जेरल
जेरिल डैमसन ऑस्कर के पारिवारिक लोगों ने बताया कि जेरल कई बड़े होटलों में शेफ रह चुके थे। कोरोना काल में नौकरी छोड़कर वह नागपुर लौट आए। इसके बाद उन्होंने लोगों को ब्याज पर पैसे उधार देने का कारोबार शुरू किया। उनकी पत्नी एनी हाउसवाइफ थी। दोनों काफी मिलनसार थे और उनका किसी से विवाद नहीं था।
पुलिस ने माना, कपल ने की खुदकुशी
जरीपटका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक अरुण शिरशात ने बताया कि इस मामले में आत्महत्या का मामला दर्ज किया गया है। इसमें मौत के अन्य कारण के साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि शवों को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपने से पहले मेयो अस्पताल में उनकी जांच की गई। अब उनके फोन को फरेंसिक लैब में भेजा जाएगा ताकि आत्महत्या के सही कारण का पता चल सके। उन्होंने स्टाम्प पेपर पर अपना वसीयत भी लिखा और इसे बांटने का अनुरोध किया।