रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने की दिशा में एक और बड़ी और ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की सात बड़ी और प्रतिष्ठित कंपनियों ने राज्य में कुल 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव (MoU) सौंपे हैं, जिससे प्रदेश के 7,800 से अधिक युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस मौके पर निवेशकों को आमंत्रित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में छत्तीसगढ़ तेजी से उभर रहा है और यहां उद्योगपतियों के स्वागत के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछाया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु समेत जापान और दक्षिण कोरिया में हुए आयोजनों के माध्यम से राज्य को अब तक 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं, जिन्हें धरातल पर उतारने के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था और आसान प्रक्रियाओं के तहत तेजी से काम किया जा रहा है।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन और दक्षिण भारत के प्रमुख कारोबारियों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में आईटी, डेटा सेंटर, फार्मा और टेक्सटाइल जैसे भविष्य के आधुनिक उद्योगों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय ने सात अग्रणी कंपनियों को छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापना के लिए ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ (ऑफर लेटर) प्रदान किए। इसमें सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव ‘हाइपरनेक्स्ट डाटा सेंटर लिमिटेड’ की ओर से आया है, जो ₹4,200 करोड़ की लागत से भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करेगी। इसके अलावा, ‘फीग्रेड एंड कंपनी’ सीमेंट क्षेत्र में ₹2,912 करोड़ का निवेश करेगी, जिससे करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। तकनीकी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए ‘निवाई लैब्स’ ₹1,000 करोड़ की लागत से एआई (AI), जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर और सेमीकंडक्टर असेंबली जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित करेगी। वहीं, सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण के लिए ‘एसजी मार्ट’ ₹700 करोड़, अत्याधुनिक टेक्सटाइल यूनिट के लिए ‘श्री सरवणा मिल्स’ ₹528 करोड़, फार्मा क्षेत्र में ‘काब्रा ड्रग्स’ ₹200 करोड़ और डेयरी प्रसंस्करण के लिए ‘दिनशॉज़ डेयरी फूड्स’ ₹40 करोड़ का निवेश करेगी।
