रायपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित होने जा रही मध्य क्षेत्रीय परिषद की २६वीं बैठक में शामिल होने आए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर भव्य और आत्मीय स्वागत किया गया। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुद अगवानी करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप उन्हें राजकीय गमछा भेंट कर सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आज बस्तर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की २६वीं महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया जा रहा है। अंतर-राज्यीय समन्वय को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बुलाई गई इस उच्च स्तरीय बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच आपसी विकास, नक्सल उन्मूलन, बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक विषयों पर व्यापक व गंभीर चर्चा होगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक से इतर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के बीच एक सौहार्दपूर्ण माहौल में द्विपक्षीय बातचीत भी हुई। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच विभिन्न समसामयिक मुद्दों, दोनों राज्यों के बीच प्रशासनिक व सांस्कृतिक समन्वय तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। इस अनौपचारिक चर्चा के दौरान दोनों राज्यों में सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी अनुभवों का आदान-प्रदान किया गया। बस्तर में हो रहे इस बड़े आयोजन को क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है।
