मोतिहारी,
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है, लेकिन वहां शराब की तस्करी लगातार जारी है. ताजा मामला मोतिहारी के चकिया का है, जहां एक युवक उत्पाद विभाग और पुलिस की छापेमारी से बचने के लिए भाग रहा था. इसी दौरान एक गड्डे में गिरने से उसकी मौत हो गई.जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को मोतिहारी के चकिया बैसाहा गांव में उत्पाद विभाग की एक टीम शराब की खोज में छापेमारी करने गई थी. इसी दौरान चकिया नगर के मन चौक पर एक दुकान में छापेमारी की. वहां नितेश कुमार नाम का युवक पुलिस को देखकर भागने लगा.युवक को भागते हुए देखकर उत्पाद विभाग और पुलिस उसका पीछा करने लगी. इसके बाद घबराया हुआ युवक पानी से भरे गड्ढे में गिर गया और डूबने की वजह से उसकी जान चली गई.
युवक को डूबता देखकर भी नहीं बचाया
हैरानी की बात ये है कि उत्पाद विभाग की टीम युवक को पानी में डूबता देखकर उसे बचाने की जगह वहां से भाग गई. बाद में ग्रामीणों को जब ये सूचना मिली, तो उन्होंने युवक के शव को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद गुस्साए लोगों ने शव को चकिया थाने लाकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया.पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन उग्र ग्रामीण और मृतक के परिजन मानने को तैयार नहीं थे. गुस्साई भीड़ ने इसी दौरान पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें एएसआई मोहमद असलम के सिर में चोट लग गई और खून बहने लगा.
पुलिस ने किया लाठी चार्ज
मामले को बढ़ता देखकर पुलिस ने भी जमकर लाठिया भांजी. स्थिति गंभीर होते देख चकिया थाना में कई थानों की पुलिस बुलानी पड़ी. मौके पर एसडीपीओ आईपीएस शरद आरएस भी पहुंचे.इसके बाद उग्र ग्रामीणों ने एनएच 27 को जाम कर दिया और जमकर बवाल काटने लगे. लगभग एक घंटे के जाम के बाद पुलिस वहां पहुंची और सभी को खदेड़ कर जाम खुलवाया. साथ ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया.
