लखनऊ
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह इन दिनों कैंसर जैसी बीमारी से पीड़ित हैं। बसपा विधायक उमा शंकर सिंह काफी से समय बीमार चल रहे हैं, जिसकी वजह से वो बसपा की बैठकों और विधानसभा सत्र से दूरी बनाए हुए हैं। हालांकि, इस बार बजट सत्र के दौरान वो ऑनलाइन जुड़े थे। इसी बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने उमाशंकर सिंह से मुलाकात की है। इस मुलाकात को बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि मायावती इस समय फुल एक्शन में दिख रही हैं। हाल ही में उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी से निकाल दिया है।
बसपा विधायक उमा शंकर सिंह ने कहा कि हमारी अभिभावक एवं बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री बहन कुमारी मायावती ने आज हमारे आवास पर आकर स्वास्थ्य की जानकारी ली है। साथ ही जल्द स्वस्थ होने का आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि उनके (मायावती) आत्मीय प्यार और आशीर्वाद के लिए हम हृदयतल से कोटि-कोटि धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हैं। दरअसल, प्रेसवार्ता करने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह से मिलने उनके गोमतीनगर स्थित आवास पर पहुंची थीं। दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे तक बातचीत चली है। इस मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि मायावती की पार्टी बसपा इस समय अंतर्कलह से जूझ रही है।
बता दें कि लंबे समय से बीमार चल रहे उमा शंकर सिंह बसपा के इकलौते विधायक हैं। उन्हें मायावती का बेहद करीबी माना जाता है। उमा शंकर सिंह बलिया के सबसे प्रसिद्ध राजनेताओं में से एक हैं। यूपी पूर्वी क्षेत्र में सबसे ज़्यादा फॉलो किए जाने वाले राजनेता हैं। लोग उन्हें प्यार करते हैं और उन्हें गरीबों का मसीहा भी कहा जाता है। बताया जाता है कि उन्होंने समाज के लिए बहुत योगदान दिया है। फरवरी 2016 में उन्होंने 351 हिंदू, मुस्लिम लोगों का सामूहिक विवाह आयोजित किया, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। यही वजह है कि जब बसपा के बड़े से बड़े नेता 2022 में अपनी विधायकी बचाने में नाकामयाब हो गए थे, तब उमा शंकर ने जीत दर्ज कर बसपा की लाज को बचा लिया था।
