— सीएम साय ने कहा: ‘सब पर कार्रवाई होगी, इसके लिए एक पोर्टल भी बनाया जाएगा’
रायपुर
छत्तीसगढ़ की विष्णु देव साय सरकार का पहला जनदर्शन कार्यक्रम राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित किया गया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं से उन्हें अवगत कराया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “हमारी सरकार बनने के बाद आज पहला जनदर्शन का कार्यक्रम था। जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का तत्परता के साथ निराकरण किया जाएगा। अब हर सप्ताह गुरुवार के दिन सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक जनदर्शन का कार्यक्रम चलेगा, लेकिन पहले दिन 1 बजे के बजाए 4 बजे तक चला।
बनाया जाएगा पोर्टल
सीएम ने कहा करीब 1500 से ज्यादा आवेदन आए हुए हैं। आज कई काम निपटाए गए हैं। जितने भी आवेदन आए हुए हैं उस सब पर कार्रवाई होगी और इसके लिए एक पोर्टल भी बनाया जाएगा ताकि सभी उस पर से अपडेट ले सके।” मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक गुरूवार को 11 बजे से 1 बजे तक आम नागरिक से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याओं एवं अपेक्षाओं की सुनवाई करेंगे।
सीएम करेंगे पोर्टल पर दर्ज आवेदनों की मॉनिटरिंग
जनदर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की जाने वाली समस्याओं, अपेक्षाओं, आवेदनों को पंजीबद्ध करने के साथ ही इसे जनदर्शन पोर्टल में अपलोड किया जाएगा। इस पोर्टल में दर्ज आवेदनों की मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री करेंगे। आम जनता से मिले आवेदनों को संबंधित विभाग द्वारा समय-सीमा में निराकृत कर इसकी जानकारी आवेदक को देंगे।
