टोंक
राजस्थान के टोंक में एक महिला ने देह व्यापार से अपनी बेटी को बचाने के लिए टोंक कलेक्टर डॉ. सौम्या झा और एसपी विकास सांगवान से गुजारिश लगाई है। इसको लेकर पीड़िता ने टोंक में दोनों अधिकारियों के कार्यालय में उपस्थित होकर अपनी पीड़ा सुनाई। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए टोंक कलेक्टर सौम्या झा ने एसपी विकास सांगवान को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस पर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
‘मेरी बेटी को बचाइए, उसे भी जिस्मफरोशी में धकेल रहे हैं‘
टोंक जिले के एक गांव निवासी महिला ने कलेक्टर समेत पुलिस अधिकारियों के समक्ष इसको लेकर अपनी पीड़ा जाहिर की। इसमें बताया कि उसे भी बचपन में ही खरीदकर जिस्म फरोशी के दलदल में धकेल दिया गया। उसने बताया कि आरोपी दलाल अब उसकी बेटी को भी निशाना बनाने में जुटे हुए हैं। उसकी बेटी को भी देह व्यापार के लिए मजबूर किया जा रहा है। पीड़िता ने बताया कि वह नहीं चाहती है कि उसकी बेटी भी इस दलदल में फंसे। पीड़िता ने बताया कि इसकी 10 वर्षीय बेटी को आरोपी उससे अलग रख रहे हैं। इस मामले में पीड़ित महिला ने आरोपी दलालों के नाम भी उजागर कर कार्रवाई करने की मांग उठाई।
कलेक्टर सौम्या झा के निर्देश पर पुलिस आई एक्शन में
इधर, मामला सामने आने के बाद एक सामाजिक संस्था भी पीड़िता की मदद के लिए आगे आई है। उसने प्रशासन से पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की है। इस मामले में टोंक कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस अब एक्शन में आ गई है। टोंक एडिशनल एसपी बृजेंद्र सिंह भाटी ने ‘नवभारत टाइम्स’ को बताया कि महिला की तरफ से परिवाद आया है, जिसमें बताया कि महिला ने अपनी बेटी को भी देह व्यापार के दलदल में फंसाने की आशंका जताई है। इस मामले को लेकर उन्होंने संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देश दिया है।
