11 साल के लंबे इंतजार के बाद अयान मुखर्जी अपना ड्रीम प्रोजेक्ट ब्रह्मास्त्र लिए बॉक्स ऑफिस में हाजिर हैं। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 1: शिवा’ 9 सितंबर 2022 को रिलीज हो चुकी है। फिल्म को देख समीक्षकों ने इसकी तारीफ की है और इस फिल्म पर बढ़िया रिस्पॉन्स देखने को मिल रहा है। सभी को ब्रह्मास्त्र से उम्मीदें हैं कि ये बॉलीवुड के सूखे को खत्म करें। मगर दूसरी तरफ ट्रोल आर्मी भी है जिसकी अपनी ही पीपनी बज रही है। दुनियादारी से इन्हें कोई मतलब नहीं है। ये अपनी ही बीन बजाए हैं। जी हां, सोशल मीडिया पर ब्रह्मास्त्र की रिलीज के साथ ही ट्विटर पर डिजास्टर ट्रेंड कर रहा है। ट्रोल आर्मी का कहना है कि ये फिल्म बॉलीवुड की दूसरी फिल्मों की तरह डिजास्टर साबित होगी। खैर दूसरी तरफ मेकर्स ने ब्रह्मास्त्र पार्ट 2 का ऐलान कर दिया है।
ब्रह्मास्त्र पार्ट 1 के अंत में मेकर्स ने पार्ट 2 का ऐलान किया है। मेकर्स ने बताया कि ब्रह्मास्त्र का दूसरा पार्ट भी आएगा जिसका नाम होगा ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’। इसी ऐलान को देख फैंस कयास लगाने लगे कि आखिर कौन होगा इस फिल्म की पहली पसंद। इतना ही नहीं मीडिया गलियारों में तो ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’ के लिए स्टारकास्ट को लेकर डिस्कशन भी शुरू हो गया है।
रणवीर सिंह और ऋतिक रोशन रेस में
‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2: देव’ की रेस में रणवीर सिंह और ऋतिक रोशन का नाम आगे चल रहा है। कहा जा रहा है कि इन दोनों एक्टर्स को मेकर्स इस फिल्म के दूसरे पार्ट के लिए अप्रोच कर सकते हैं। बता दें ब्रह्मास्त्र ट्रायलॉजी फिल्म है जिसका दूसरा पार्ट देव के केरेक्टर पर आधारित होगा।
