टीवी पर नया शो शुरू हुआ है ‘एंटरटेनमेंट की रात हाउसफुल’, जिसमें इस हफ्ते टीवी के कई सितारे नजर आएंगे। मेकर्स ने आने वाले एपिसोड का प्रोमो रिलीज किया है, जिसमें करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, रुबीना दिलैक, सुम्बुल तौकीर खान, पुनीत पाठक, अर्जुन बिजलानी और शिव ठाकरे नजर आ रहे हैं। इस शो को पुनीत पाठक और हर्ष लिंबाचिया होस्ट करेंगे। ‘एंटरटेनमेंट की रात हाउसफुल’ में पुनीत पाठक जहां सुम्बुल तौकीर का मजाक उड़ाते दिखे तो वहीं हर्ष लिंबाचिया ने तेजस्वी और करण से शादी को लेकर सवाल पूछा। इसके बाद सभी कलाकार एक-दूसरे की खिंचाई करते नजर आए।
प्रोमो में दिखाया गया है कि जब Sumbul Touqeer Khan कहती हैं कि वह इस शो में आकर बहुत एक्साइटेड और खुश हैं तो Punit Pathak उनका मजाक उड़ाते हैं। वह कहते हैं, ‘पहली बार देखा है बेइज्जती करवाने के लिए कोई इतना एक्साइटेड है।’ इतना सुनकर सुम्बुल का चेहरे का रंग उतर जाता है। इस पर हर्ष बोलते हैं, ‘सुम्बुल को अगर बेइज्जती का इतना ही डर होता तो ये बिग बॉस में थोड़ी जाती।’
करण और तेजस्वी की शादी को लेकर सवाल
इसके बाद Harsh Limbachiyaa, करण और तेजस्वी को निशाने पर लेते हैं और शादी को लेकर सवाल करते हैं। हर्ष बोलते हैं, ‘भेड़िया और नागिन की शादी कब होने वाली है? यह सुनकर Karan Kundrra कहते हैं- तेरी हो गई ना? जवाब में हर्ष लिंबाचिया कहते हैं, ‘इसीलिए मैं चाहता हूं कि कोई खुश न रहे।’
सेलेब्स को किया जाएगा रोस्ट
‘एंटरटेनमेंट की रात हाउसफुल’ में आने वाले सेलेब्स को रोस्ट किया जाएगा और इसके साथ ही खूब मस्ती और कॉमेडी भी होगी। यह शो 15 अप्रैल से रात 10 बजे कलर्स चैनल पर आ रहा है। बताया जा रहा है कि इस शो का कॉनसेप्ट भारती और हर्ष के पुराने शो ‘खतरा खतरा खतरा’ से मिलता-जुलता है पर कई सारे ट्विस्ट भी हैं।
