नई दिल्ली
अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी और अमेजन के सीईओ रह चुके जेफ बेजोस के बीच तगड़ी रेस लगी है। इस रेस में दांव पर लगी है दुनिया के दूसरे सबसे अमीर की कुर्सी। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की ताजा रैकिंग में फिलहाल गौतम अडानी और जेफ बेजोस के बीच कुछ लाख डॉलर का फासला है।
अभी गौतम अडानी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर शख्स हैं। उन्होंने अमेजन के मालिक जेफ बेजोस को पछाड़ कर यह तमगा अपने नाम किया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक इस वक्त बेजोस और अडानी की संपत्ति लगभग बराबर है। दोनों की संपत्ति राउंड फीगर में 148-148 अरब डॉलर है। सोमवार को गौतम अडानी की कुल संपत्ति में 1.33 अरब डॉलर और जेफ बेजो की संपत्ति में 1.13 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई। 268 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एलन मस्क पहले स्थान पर हैं।
अगर फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर लिस्ट की बात करें तो यहां भी रेस अडानी और बेजोस के बीच है मगर नंबर तीन पोजीशन के लिए। यहां, बर्नार्ड अर्नाल्ट फिर दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। उनकी कुल संपत्ति 155.6 अरब डॉलर है। गौतम अडानी 153.5 अरब डॉलर के साथ तीसरे और जेफ बेजोस 148.1 अरब डॉलर के साथ चौथे स्थान पर हैं। फोश्र्ब्स की इस लिस्ट में अंबानी आठवें और ब्लूबर्ग की लिस्ट में अंबानी 10वें स्थान पर हैं।
दुनिया के टॉप 10 अरबपतियों में एक मात्र अडानी ही ऐसे शख्स हैं, जिनकी संपत्ति इस साल न केवल बढ़ी है, बल्कि उसमें 93.6% का उछाल आया है। जबकि, एलन मस्क, जेफ बेजोस, बर्नार्ड अर्नाल्ट, बिल गेट्स, वॉरेन बफेट, लैरी पेज, सर्गी ब्रिन, लैरी एलिशन और मुकेश अंबानी की संपत्ति में 1.21 अरब डॉलर से 44.4 अरब डॉलर तक की सेंध लगी है।
