25.3 C
London
Wednesday, June 17, 2026
HomeUncategorizedचीन में चल क्‍या रहा है... सैन फ्रांसिस्को से बड़ा BYD का...

चीन में चल क्‍या रहा है… सैन फ्रांसिस्को से बड़ा BYD का कारखाना, भारत को कसनी होगी कमर

Published on

नई दिल्‍ली:

चीन की इलेक्ट्रिक वाहन बनाने वाली बड़ी कंपनी BYD झेंग्झू में अपनी फैक्ट्री को बहुत तेजी से बढ़ा रही है। यह फैक्ट्री इतनी बड़ी हो जाएगी कि अमेरिका के एक बड़े शहर को भी पीछे छोड़ देगी। रेडिट पर एक वीडियो में इस विशाल फैक्ट्री को दिखाया गया है। इसमें उत्पादन के लिए इमारतें, ऊंचे हॉस्‍टल, फुटबॉल का मैदान, टेनिस कोर्ट और सड़कों का जाल है। निर्माण कार्य भी चल रहा है। इससे पता चलता है कि यह फैक्ट्री और भी बड़ी होने वाली है।

द सन के अनुसार, BYD का झेंग्झू प्लांट टेस्ला की नेवादा गीगाफैक्ट्री से भी बड़ा होगा। टेस्‍ला की गीगाफैक्‍ट्री 4.5 वर्ग मील में फैली है। पूरी तरह से बनने के बाद बीवाईडी की फैक्ट्री लगभग 32,000 एकड़ यानी 50 वर्ग मील में फैली होगी। यह सैन फ्रांसिस्को शहर से भी बड़ी होगी, जो 46.9 वर्ग मील में फैला है। इस प्रोजेक्ट को आठ चरणों में बनाया जा रहा है। अभी आखिरी चार चरणों का काम चल रहा है। इससे यह फैक्ट्री दुनिया की सबसे बड़ी उत्पादन साइटों में से एक बन जाएगी।

फैक्‍ट्री में 60,000 कर्मचारी
ड्रोन से लिए गए वीडियो को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं। एक रेडिट यूजर ने कहा, ‘वीडियो के नीचे जो 10 मंजिला इमारतें हैं, वे छात्रावास हैं। यह बहुत बड़ा है।’ एक लिंक्‍डइन यूजर ने कमेंट किया, ‘एशियाई फैक्ट्रियां छोटे यूरोपीय शहरों की तरह होती हैं। इनमें बस लाइनें, हॉस्‍टल, मनोरंजन क्षेत्र आदि होते हैं।’ एक व्यक्ति ने मजाक में पूछा, ‘मैं अपना रिज्यूमे कहां भेज सकता हूं?’ जबकि दूसरे ने कहा, ‘यह एक अच्छा वीडियो गेम मैप बन सकता है।’

द सन के अनुसार, पिछले महीने तक झेंग्झू फैक्ट्री में लगभग 60,000 कर्मचारी थे। BYD में कुल मिलाकर 9,00,000 से अधिक लोग काम करते हैं। कंपनी अब अपने कर्मचारियों की संख्या बढ़ा रही है। चाइना डेली के मुताबिक, झेंग्झू ब्रांच इस साल की पहली तिमाही में 20,000 नए कर्मचारियों की भर्ती कर रही है। नौकरी ढूंढने वालों के लिए एक भर्ती साइट बनाई गई है। यहां सामान रखने की जगह भी है। जो लोग इंटरव्यू और मेडिकल चेक पास कर लेते हैं, वे तुरंत अनुबंध पर हस्ताक्षर करके कंपनी में शामिल हो सकते हैं। हॉस्‍टल्‍स में उनके रुकने की व्‍यवस्‍था है।

फैक्ट्री से प‍िछले साल न‍िकली थी पहली कार
झेंग्झू फैक्ट्री ने पिछले साल अप्रैल में अपनी पहली गाड़ी सॉन्‍ग प्रो DM-i बनाई थी। इस मॉडल की कीमत 17,600 पाउंड (लगभग 19.7 लाख रुपये) से ज्‍यादा थी। यह इस साइट पर बड़े पैमाने पर उत्पादन की शुरुआत थी। उसके बाद से BYD ने उत्पादन में काफी बढ़ोतरी की है। कंपनी ने शुरू में 2024 में 36 लाख नए एनर्जी वीकल बेचने का टारगेट रखा था। मजबूत मांग और उत्पादन क्षमता बढ़ने से कंपनी ने उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन किया। साल के अंत तक BYD ने 42.5 लाख गाड़ियां बेचीं। इस सफलता से उत्साहित होकर कंपनी अब और भी बड़ा लक्ष्य रख रही है। 2025 के लिए कंपनी ने 52.5 लाख कारें बेचने का टारगेट रखा है।

यह फैक्ट्री दिखाती है कि चीन कितनी तेजी से विकास कर रहा है। चीन दुनिया का सबसे बड़ा इलेक्ट्रिक वाहन बाजार है। BYD चीन की सबसे बड़ी इलेक्ट्रिक वाहन कंपनी है। BYD दुनिया भर में इलेक्ट्रिक वाहन बेचती है।

भारत के लिए क्‍या है चुनौती?
भारत को विनिर्माण क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर उत्पादन को प्रोत्साहित करना बड़ी चुनौती है। उसे ईवी उद्योग में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इनोवेशन और टेक्‍नोलॉजी में निवेश करना होगा। अपने मैन्‍यूफैक्‍चरिंग सेक्‍टर में प्रौद्योगिकी और नवाचार को बढ़ावा देने की जरूरत है। साथ ही भारत को ईवी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी सरकारी नीतियां और प्रोत्साहन लागू करने की आवश्यकता है। उसे बुनियादी ढांचे के विकास और कुशल श्रम शक्ति पर ध्यान देना होगा। सुनिश्चित करना होगा कि उसके ईवी उद्योग में विदेशी निवेश के साथ घरेलू कंपनियों को भी समान अवसर मिलें। भारत को ईवी बैटरी और अन्य महत्वपूर्ण कम्‍पोनेंट के उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल करने की जरूरत है।

Latest articles

शिवपुरी में एलपीजी गैस सिलेंडर ब्लास्ट में मासूम की मौत, चार गंभीर रूप से झुलसे

शिवपुरी। शिवपुरी जिले के गुड़र गांव में बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे एक मकान...

भोपाल में ‘किराए की कार’ बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार, 3 करोड़ की 20 गाड़ियां बरामद

भोपाल। राजधानी की अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने ट्रेवल्स एजेंसियों और वाहन मालिकों के...

बीएचईएल भोपाल ने रचा इतिहास: ईडी ने किये पहले 765 केवी-500 एमवीए आईसीटी ट्रांसफॉर्मर को किया रवाना

भोपाल। देश में विद्युत उपकरण निर्माण के क्षेत्र में अग्रणी सार्वजनिक उपक्रम भारत हैवी...

More like this

भोपाल के रंगमंच से बॉलीवुड तक: उदय अठरौलिया की दो नई फिल्मों में दिखेंगे अभिनय के अलग रंग

भोपाल। राजधानी के रंगमंच से अपने अभिनय सफर की शुरुआत करने वाले अभिनेता उदय...

“पति को जल्द गिरफ्तार करें, नहीं तो वह मुझे मार डालेगा”: घरेलू हिंसा की शिकार महिला ने लगाई गुहार

भोपाल। भोपाल के भीमनगर क्षेत्र की रहने वाली गीता पटेल ने अपने पति पर...

10 लेन अयोध्या बायपास परियोजना का मंत्री विश्वास सारंग ने किया निरीक्षण

करोंद में बार-बार पाइपलाइन टूटने पर ठेकेदार को फटकार, वसूला जाएगा मुआवजा भोपाल। प्रदेश के...