सबसे प्रतिष्ठित फिल्मफेयर अवॉर्ड्स की धूम हर साल होती है। इस साल भी हुई। शुक्रवार रात फिल्मफेयर अवॉर्ड्स 2022 प्रसारित हुआ। इस अवॉर्ड नाइट के कुछ पल बेहद यादगार थे। कुछ स्टार्स ने धमाकेदार परफॉर्मेंस दी तो कुछ ने अपनी पर्सनल किस्सों को शेयर किया। वहीं फिल्मफेयर में रणवीर सिंह बेस्ट एक्टर अवॉर्ड पाकर इमोशनल हो गए और उन्होंने इस दौरान भावुक स्पीच दी। रोते-रोते उन्होंने एक बार फिर गर्व से कहा कि वह जो कुछ हैं अपने परिवार के हरेक सदस्य की वजह से और ऑडियंस की वजह से हैं।
रणवीर सिंह की सबसे खास बात हमेशा से ये रही है कि वह अपनी वाइफ दीपिका पादुकोण को अपने घर की लक्ष्मी बताते हैं। हर जगह वह पत्नी को क्रेडिट देते हैं। जब भी अपना परिचय देते हैं तो कई बार वह खुद को दीपिका पादुकोण का पति कहने पर भी नहीं हिचकते हैं। ठीक ऐसे ही एक बार फिर उन्होंने कहा कि रणवीर सिंह पावर्ड बाय दीपिका पादुकोण..। आइए दिखाते हैं ये बेहद खास वीडियो।
करण जौहर जैसे ही बेस्ट एक्टर का ऐलान करते हैं तो रणवीर सिंह स्टेज पर आते हैं। वह बात करते करते इमोशनल हो जाते हैं। वह कहते हैं कि, ‘मेरी जिंदगी में जो भी हुआ है सबकुछ मेरी कल्पना से ज्यादा हुआ है। मैं सबसे बड़ा धन्यवाद ऑडियंस का करना चाहता हूं। मैं जो कुछ भी हूं अपने मां बाप और दीदी की वजह से हूं। ये सब मेरे भगवान हैं और मैं जो कुछ भी करता हूं अपने भगवान के लिए करता हूं।’
रणवीर सिंह यहीं नहीं रुकते, वह कहते हैं, ‘इन सभी के साथ साथ मेरे घर पर मेरी लक्ष्मी दीपिका पादुकोण हैं। यही मेरी सफलता का सीक्रेट है। रणवीर सिंह पावर्ड बाय दीपिका पादुकोण।’ इस बीच वह स्टेज के पीछे खड़ी वाइफ दीपिका को हाथ पकड़कर स्टेज पर लाते हैं और उनका शुक्रिया अदा करते हैं।
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण का ये प्यारा वीडियो दिल को छू जाता है। रणवीर की ये बातें हर फैन के दिल में उतर जाती है। स्टेज पर जैसे दीपिका ने रणवीर को संभाला और उनकी सक्सेस को चीयर किया ये दिखाता है कि ये वाकई पावरफुल व दिलदार कपल है।
रणवीर सिंह के इस प्यारे वीडियो को देखने के बाद उनकी साली साहिबा अनिषा पादुकोण ने भी कमेंट किया। उन्होंने कहा कि आप बहुत प्यारे हैं। वहीं अभिषेक बच्चन, नीलम कोठारी, आयुष्मान खुराना, हुमा कुरैशी, मनीष पॉल समेत ढेर सारे सेलेब्स ने भी रणवीर पर प्यार न्यौछावर किया।
