भोपाल
प्लांट परफार्मेंस बोनस व दीपावली बोनस (एस.आई.पी.) की मांग को लेकर भेक्टू सीटू यूनियन के पदाधिकारी शुक्रवार से 24 घंटे के उपवास पर बैठकर शीघ्र जेसीएम बैठक आयोजित करने की मांग की है। यूनियन के अध्यक्ष लोकेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि पिछले 2 वर्ष से भेल का कर्मचारी बोनस के बिना सूनी दिवाली मना रहा हंै। बीते दो वर्ष प्रबंधन ने घाटे का बहाना बताकर कर्मचारियों को बोनस नहीं दिया लेकिन इस वर्ष बीएचईएल कर्मचारियों के कठिन परिश्रम से घाटे से निकलकर 437 करोड़ का मुनाफा युक्त परिणाम प्रदर्शित किया है।
पूर्व के वर्षो में भेल कर्मचारियों को जुलाई माह तक प्लांट परफार्मेंस बोनस का भुगतान व विजयादशमी से पूर्व एसआईपी बोनस का भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाता था जबकि इस वर्ष दशहरा पर्व बीत जाने तक भी बोनस निर्धारण के लिए जेसीएम की बैठक की तिथि की कोई जानकारी प्रबंधन द्वारा नहीं बताईजा रही है। बोनस पर प्रबंधन के चुप्पी साधने के कारण कर्मचारियों के मन में दु:ख के साथ-साथ आक्रोश भी बढ़ता जा रहा है जिसका सीधा असर कारखाने के उत्पादन पर भी पड़ सकता है।
भेक्टू सीटू यूनियन के प्रवक्ता अतुल मालवीय ने बताया कि यूनियन पदाधिकारियों का 24 घंटे का उपवास 8 अक्टूबर को शाम 3 बजे समाप्त हो जाएगा। 10 अक्टूबर तक यदि प्रबंधन जेसीएम की तिथि घोषित नहीं करती है तो भेक्टू सीटू यूनियन विवश होकर प्रबंधन के खिलाफ कारखाने में असहयोग आंदोलन चलाएगी।
