-इन मांगों को लेकर भोपाल में भी कर चुके हैं धरना-प्रदर्शन
भोपाल
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) में जब से प्रतिनिधि यूनियन के चुनाव हुये हैं तब से नेता इंसेंटिव टी3 ,इन्सलरी,प्लांट परफार्मेन्स और एसआईपी बोनस की मांग को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। जैसे-जैसे दिवाली का समय करीब आता जा रहा है बोनस की मांग ज्यादा जोर पकड़ती जा रही है । यूं तो यह सब मांगे स्थानीय प्रबंधन तो कर नहीं सकती तो प्रतिनिधि यूनियनों ने दिल्ली तक दौड़ लगा दी । कर्मचारियों के हित में सभी ने सिर्फ मानव संसाधन विभाग के कार्यपालक निदेशक एम ईसादौर,डायरेक्टर मानव संसाधन उपिंदर सिंह मठारू और बीएचईएल के चेयरमेन व मेनेजिंग डायरेक्टर डॉ. नलिन सिंघल तक जा पहुंचे ।
यूनियन के नेताओं ने इन मांगों को लेकर ज्ञापन तक सौंप डाला । वैसे भी यह ज्ञापन देने का सिलसिला काफी समय से चल रहा है लेकिन इन यूनियनों का एक साथ दिल्ली में डेरा डालना इस बात का संकेत है कि वह आर-पार की लड़़ाई लड़ेंगे या फिर यह मामला टांय-टांय फिस्स हो जायेगा यह तो दीपावली के पूर्व ही पता चल पायेगा। प्रबंधन को जेसीएम की बैठक बुलाने की मांग भी की गई । कर्मचारियों की निगाहें इन यूनियनों पर टिकी हैं ।
बीएमएस के अध्यक्ष वीएस कठेत,एचएमएस के महासचिव अमर सिंह राठौर,ऐबू के लोकल अध्यक्ष सत्येन्द्र और सीटू के उपाध्यक्ष मो.शाहिद ने इन मांगों को लेकर सीएमडी,डायरेक्टर एचआर और ईडी एचआर से मुलाकात कर फोटो खिंचवाने के बाद कर्मचारियों के मुद्दों को जल्द से जल्द पूरा करने के लिये ज्ञापन सौंप दिया । कॉरर्पोरेट के आला अफसरों मेें भोपाल से आये प्रतिनिधि यूनियन के नेताओं को पूरा भरोसा दिलाया है कि यह मामला जल्द ही सुलझा लिया जायेगा यदि ऐसा होता है तो भेल के कर्मचारियों के लिये दीपावली पूर्व बोनस मिलना खुशियों भरा होगा ।
हो सकता है कि प्रबंधन अंतरिम भुगतान की राशि तय कर बोनस की घोषणा कर सकता है भले ही शेष मांगें दीपावली के बाद पूरी हो सके । संभवत: दिल्ली कॉरर्पोरेट जेसीएम की बैठक बुलाने पर भी विचार कर सकता है । फिलहाल नेता दिल्ली से भोपाल वापसी की तैयारी कर रहे हैं । अब उन्हें कॉरर्पोरेट की हरी झंडी का इंतजार रहेगा ।
