साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बड़ी दुखभरी खबर आ रही है। टॉलीवुड एक्टर सुधीर वर्मा ने खुदकुशी कर ली है। बताया जा रहा है कि उन्होंने विशाखापट्टनम स्थित अपने घर पर सोमवार (23 जनवरी) को खुदकुशी कर ली। सुधीर वर्मा के को-स्टार रहे एक्टर सुधाकर ने उनकी मौत की पुष्टि की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा, जिसमें सुधीर वर्मा के सुसाइड पर शॉक जताया है।
Sudheer Varma ने अपनी जान लेने का कदम किस कारण उठाया, यह तो पता नहीं चल पाया है। लेकिन कहा जा रहा है कि वह निजी जिंदगी में पिछले कुछ समय से मुश्किलों से गुजर रहे थे। वह मानसिक रूप से भी काफी दबाव में थे। हो सकता है कि इसी वजह से सुधीर वर्मा ने खुदकुशी जैसा कदम उठाया हो।
सुधीर वर्मा ने 2013 में किया था डेब्यू
सुधीर वर्मा की अचानक मौत से पूरी साउथ फिल्म इंडस्ट्री शॉक में है और सेलेब्स सोशल मीडिया पर शोक जाहिर कर रहे हैं। सुधीर वर्मा ने 2013 में फिल्म ‘स्वामी रा रा’ से एक्टिंग डेब्यू किया था। लेकिन 2016 में आई फिल्म Kundanapu Bomma से सुधीर वर्मा को खूब पहचान मिली। बताया जा रहा है कि सुधीर वर्मा को पहचान मिलने के बावजूद फिल्मों के तगड़े ऑफर नहीं मिल रहे थे।
2022 में हुई साउथ के कई सेलेब्स की मौत
सुधीर वर्मा की मौत से हर कोई सदमे में है। साल 2022 साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बुरा लगा। कई सेलेब्स इस दुनिया को अलविदा कह गए। रिबेल स्टार कृष्णम राजू से लेकर एम बाल्या, डायरेक्टर सरत और तेलुगू स्टार कृष्णा का नाम शामिल है।
