नई दिल्ली
साल 2023 की शुरूआत अडानी समूह के मालिक गौतम अडानी के लिए कुछ खास अच्छी नहीं रही है। साल के शुरूआत से ही उनकी संपत्ति गिरती जा रही है। शेयरों में बिकवाली हावी होने के कारण उनके नेटवर्थ में लगातार गिरावट आ रही है। एशिया के सबसे बड़े रईस उद्योगपति गौतम अडानी के नेटवर्थ में इतनी कमी आई कि दुनिया के टॉप अमीरों की लिस्ट में वो एक पायदान और नीचे खिसक गए थे। हालांकि तीसरे पा.दान पर मौजूद जेफ बेसोज के नेटवर्थ में भी गिरावट आई और अडानी फिर से अपने स्थान पर पहुंच गए। फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक उनकी संपत्ति में 6.1 अरब डॉलर यानी 489,99,30,00,000 रुपये का नुकसान हुआ।
क्यों गिर रही है संपत्ति
गौतम अडानी की संपत्ति में 6.1 अरब डॉलर की गिरावट देखने को मिली है। एक दिन में उनकी संपत्ति 489,99,30,00,000 रुपये गिर गई। दरअसल अडानी समूह के शेयरों में गिरावट आई, जिसके कारण उनके नेटवर्थ में भी गिरावट आ रही है। जहां फोर्ब्स की लिस्ट में वो तीसरे नंबर पर हैं तो वहीं ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स की लिस्ट में वो चौथे नंबर पर है। फोर्ब्स की लिस्ट के मुताबिक उनका नेटवर्थ 120.5 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई है।
लगातार गिर रहे हैं अडानी के शेयर
अडानी समूह के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। अडानी द्वारा हाल ही में खरीदे गए अंबुजा सीमेंट का शेयर 9.6 फीसदी तक गिर गए हैं। वहीं अडानी पोर्ट्स के स्टॉक 7.2 फीसदी की गिरावट के साथ ट्रेंड कर रहे हैं। इतना ही नहीं कंपनी के अन्य शेयर एसीसी,अडानी ट्रांसमिशन, अडानी पावर, एनडीटीवी के शेयर 5 फीसदी से अधिक गिर चुके हैं। शेयरों में ये गिरावट एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद आई है।
इस रिपोर्ट ने मचाई खलबली
फॉरेंसिक फाइनेशियल रिसर्च फर्म Hindenburg ने अपनी एक रिपोर्ट जारी की है। इस रिपोर्ट में कहा गया है कि अडानी की कंपनियों में शॉर्ट पोजीशन पर है। इतना ही नहीं रिपोर्ट ने इन कंपनियों के लोन पर भी सवाल खड़े किए है। रिपोर्ट में दावा किया कि अडानी ग्रुप की 7 प्रमुख लिस्टेड कंपनियां 85 फीसदी से अधिक ओवरवैल्यूज हैं। इस रिपोर्ट के आने के बाद अडानी समूह के शेयर लाल निशान पर पहुंच गए। शेयरों में 10 फीसदी तक की गिरावट देखने को मिली। इससे पहले साल 2022 में फिच ग्रुप की क्रेडिटसाइट्स ने भी इसे लेकर चिंता जताई थी।
