बीजिंग
अमेरिका और कनाडा के बाद अब चीन में अज्ञात उड़ने वाली वस्तु (UFO) देखे जाने का दावा किया गया है। चीनी वायु सेना इस ऑब्जेक्ट को मार गिराने की भी तैयारी कर रही है। फिलहाल यह अज्ञात ऑब्जेक्ट पूर्वी चीन के शेडोंग प्रांत के तटीय शहर रिझाओं के पास समुद्र में है। ऐसे में आसपास मौजूद मछुआरों को मलबे की चपेट में आने से बचाने के लिए चेतावनी जारी की गई है। चीन ने यह नहीं बताया कि यह ऑब्जेक्ट देखने में कैसा है या फिर इसका आकार कितना बड़ा है। अभी चंद घंटे पहले ही कनाडा के आसमान में एक अज्ञात फ्लाइंग ऑब्जेक्ट को मार गिराया गया है।
चीन की सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स ने बताया है कि पूर्वी चीन के शेडोंग प्रांत में स्थानीय समुद्री अधिकारियों ने रविवार को घोषणा करते हुए बताया है कि उन्होंने प्रांत के तटीय शहर रिझाओ के पास पानी में एक अज्ञात उड़ने वाली वस्तु देखी है। मछुआरों को संदेशों के माध्यम से सुरक्षित रहने की चेतावनी जारी करते हुए इसे मार गिराने की तैयारी कर रहे हैं।
