भोपाल
टीटी नगर इलाके में पिछले दिनों बीच सड़क पर बैठे मवेशी से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर उपचार के दौरान कल उसने दमतोड़ दिया। युवक अविवाहित था। काम के सिलसिले में तीन साल पहले भोपाल आया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव पोस्टमार्टम के बाद में परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
शनिवार को हुआ था हादसा
पम्पापुर हर्षवर्धन नगर निवासी रोमी खान पुत्र रमजान खान (32) प्राइवेट नौकरी करता था। उसके दोस्त अनीस खान ने बताया कि बीते शनिवार को वह अपनी बाइक से रंग महल चौराहा से जवाहर चौक की ओर जा रहा था। तभी उसकी बाइक सड़क पर बैठे एक मवेशी से टकरा गई। इस हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। हादसे के बाद उसे जय प्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे नवोदय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
निजी अस्पताल में तीन दिन चला इलाज
इस अस्पताल में तीसरे दिन उपचार के दौरान सोमवार तड़के उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक अविवाहित था। उसके परिजन रायसेन के बाड़ी में रहते हैं। वह काम की तलाश में तीन साल पहले भोपाल आया था। उसकी मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
