भोपाल
भेल के नये मुखिया ने यह तय कर लिया है कि अब पुरानी परंपरा को जल्द से जल्द खत्म किया जाये । यह भी फैसला लिया है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा प्रत्येक कर्मचारी के लिए महत्वपूर्ण है। इस लिये कारखाने में भेल कर्मी व ठेका श्रमिक व अन्य आने-जाने वाले के दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अनिवार्य होगा। साथ ही वाहन को निर्धारित गति सीमा के भीतर चलाना होगा।
शॉप फ्लोर पर कार्य करने वाले नियमित कर्मचारी, ठेका श्रमिक तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सभी शॉप फ्लोर में आवश्यक रुप से हेलमेट, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें और कार्य से जुड़े सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देशों का पालन करें। इस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण अभियांत्रिकी विभाग द्वारा कारखाना परिसर के सभी प्रवेश द्वारों पर रोको-टोको अभियान भी चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से सुरक्षा के प्रति सभी को जागरूक किया जा सके।
मानव संसाधन विभाग के मुखिया के मुताबिक सभी को आवश्यक समझाईश भी दी जा रही है सब की सुरक्षा को ध्यान रखते हुए एवं उपरोक्त वर्णन के अनुसार यह निर्णय लिया गया है कि कारखाना परिसर में सोमवार के बाद बिना हेलमेट एवं जूते के प्रवेश नहीं दिया जायेगा । सभी नियमित कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, प्रशिक्षुओं एवं अन्य से यह अपील की है कि दिशा निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें ।
