ग्वालियर,
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पुलिस ने जुए के अड्डे पर छापा मारकर 15 जुआरियों को पकड़ा है. बिजौली थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश दी थी. इस दौरान तीन जुआरी भाग गए. यह घटनाक्रम बुधवार की शाम है. पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बिजौली की थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अनु बेनीवाल ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाइवे पुल के नीचे जुए का अड्डा संचालित हो रहा है. सूचना के बाद पहले थाने के ही सिपाहियों से रेकी करवाई. इसके बाद जब खबर पक्की हो गई तो बुधवार शाम फोर्स के साथ मौके पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई.
दो जुआरी वॉशरूम में घुस गए और बाहर निकलने को तैयार नहीं थे. उन्होंने कपड़े भी नहीं पहने हुए थे. जैसे तैसे मशक्कत के बाद उन्हें कपड़े देकर वॉशरूम से बाहर लाया गया. वहीं तीन जुआरी दीवार फांदकर भाग गए. पुलिस ने 15 जुआरियों को पकड़ा है.
जुआरियों के पास से ताश की गड्डी समेत 2 लाख 59 हजार 410 रुपये कैश मिला है. इसके अलावा मौके से 5 चार पहिया वाहन और 12 दो पहिया वाहन समेत 18 मोबाइल मिले हैं. बता दें कि जेके ग्रुप एंड डेवलपर्स प्रॉपर्टी डीलिंग का ऑफिस है. इसी के पीछे जुए का अड्डा संचालित था. सभी जुआरियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.
प्रशिक्षु आईपीएस अनु बेनीवाल ने कहा कि सूत्रों से खबर मिली थी कि हाइवे पुल के नीचे जुआ खेला जा रहा है. सुनने में यह था कि काफी बड़ा जुआ है. हमने पहले थाने के सिपाहियों से रेकी करवाई, उसके बाद हमने रेड की थी. पूरा फोर्स लेकर गए थे. 18 मोबाइल मिले हैं, इनमें उन तीन लोगों के भी मोबाइल हैं, जिन्हें हम नहीं पकड़ पाए हैं. ऑफिस प्रॉपर्टी डीलर का है.
