लेबनान
मिडिल ईस्ट सुलग रहा है. इजरायल की सेना दक्षिणी लेबनान में घुस चुकी है. इजरायल लेबनान में जमीनी और हवाई दोनों स्तर पर हमले कर रही है. इजरायल के हमले का जवाब देते हुए हिज्बुल्लाह ने उत्तरी इजरायल पर 100 से ज्यादा रॉकेट दिए, जिसमें अब तक इजरयाल के आठ जवानों की मौत हो गई है. इजरायली सेना ने हेब्रॉन में कर्फ्यू लगा दिया है और कई फिलिस्तीनी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. लेबनान ने इजरायल के Kiryat Shmona और Galilee इलाके में कई रॉकेट दागे हैं, जिस वजह से कई शहरों में धमाकों की आवाज सुनी गई है.
इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के 200 से ज्यादा ठिकानों पर हमले करने का दावा किया है. इजरायली सेना आईडीएफ का कहना है कि इन हमलों में हिज्बुल्लाह के 60 लड़ाकों को मार गिराया गया है. अकेले रातभर में हिज्बुल्लाह के 15 लड़ाकों को ढेर किया गया है. लेबनान के बेरूत में इजरायली सेना के ताजा हमले में छह लोगों की मौत हो गई जबकि सात घायल हो गए.
ईरान पर हमले की आशंका के बीच रूस ने दी हिदायत
ईरान पर इजरायली हमले की आशंका के बीच रूस ने अपने नागरिकों को हिदायत दी है. तेहरान में रूसी दूतावास ने कहा कि हम हमारे नागरिकों से आग्रह करते हैं कि वे स्थिति सामान्य होने तक ईरान की यात्रा से बचें.
ईरान के राष्ट्रपति ने दी नेतन्याहू को चेतावनी
हिज्बुल्लाह और ईरान के साथ इजरायल की जंग के बीच ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने नेतन्याहू को चेतावनी दी है. राष्ट्रपति पेजेश्कियान ने कतर दौरे के दौरान हमास के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की. इस दौरान पेजेश्कियान ने कहा कि अगर इजरायल ने छोटी सी गलती भी की तो हमारी सेना उसका माकूल जवाब देगी.
