नई दिल्ली,
लेबनान में इजरायल के हमले जारी है. इस बीच शुक्रवार को लेबनान में हिज्बुल्लाह चीफ नसरल्लाह को अस्थाई रूप से एक गुप्त जगह पर ही दफनाया गया है. बताया जा रहा है कि हिज्बुल्लाह को आशंका थी कि इजरायल जनाजे को निशाना बना सकता है. इस बीच ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी लेबनान पहुंचे हैं, जहां लेबनान के कार्यवाहक प्रधानमंत्री नजीब मिकाती ने उनका स्वागत किया.
लेबनानी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया, “ईरानी विमान विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची को लेकर रफीक हरीरी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतरा.” ईरानी विदेश मंत्री अराघची का ये अघोषित बेरूत दौरा इसलिए हो रहा है क्योंकि इजरायली सेना ने लेबनान पर हमले तेज कर दिए हैं. अब्बास अराघची ने लेबनान के प्रधानमंत्री नजीब मिकाती से भी मुलाकात की और स्थिति को लेकर चर्चा की.
बेरूत पहुंचने के बाद ईरानी मंत्री ने अपने एक्स हैंडल पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं बेरूत में हूं, हमारे संसद और रेड क्रिसेंट सोसाइटी के सदस्यों के साथ. यह स्पष्ट करने के लिए कि ईरान हमेशा लेबनान के लोगों के साथ खड़ा रहेगा. हम अन्य क्षेत्रीय सरकारों को भी लेबनान के लिए अपने समर्थन में दृढ़ता दिखाने के लिए आमंत्रित करते हैं, खासकर इजरायली शासन के हमले के बीच.”
बता दें कि शुक्रवार की तड़के इजरायल ने बेरूत के दक्षिणी उपनगर में मरायजेह क्षेत्र पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए. इजरायली सेना ने लेबनान के 20 दक्षिणी शहरों के निवासियों को तुरंत खाली करने का आदेश दिया है, जो इसके जमीनी आक्रमण के संभावित बढ़ने का संकेत देता है.
