नई दिल्ली
आए दिन भारत की विमानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले मामलों को देखते हुए दिल्ली और मुंबई समेत देश के तमाम हवाई अड्डों पर सुरक्षा जांच और बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि हालांकि, एयर सेक्टर में पहले से ही सुरक्षा के मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती जा रही थी। लेकिन जिस तरह से धमकियों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। उसे देखते हुए एक बार और यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि प्लेन, यात्रियों और इनके लगेज की जांच में कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई।
हालांकि, हवाई अड्डों की सुरक्षा संभालने वाली सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि उनकी तरफ से सुरक्षा स्तर को इतना अधिक नहीं बढ़ाया जा रहा। जिससे की यात्रियों को कोई अधिक परेशानी हो। बस, सबकुछ फाइनल होने के बाद एक बार और यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सबकुछ ओके है। दूसरी तरफ इंडिगो समेत अन्य एयरलाइंस ने बताया कि कई दिनों के बाद बुधवार को ऐसा दिन आया। जब उनकी फ्लाइट के लिए कोई धमकी नहीं दी गई। लेकिन खबर मिल रही है कि धमकी मिलने का यह मसला अब इंडिया से आगे इंग्लैंड पहुंच गया है। जहां बर्मिंघम एयरपोर्ट को धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद एयरपोर्ट को पूरी सुरक्षा जांच पूरी होने तक बंद कर दिया गया था।
किस एंगल पर जांच कर रही हैं एजेंसियां?
एजेंसियों का कहना है कि अभी तक जितनी भी धमकियां मिली हैं। सभी की जांच की जा रही है। क्या धमकियां भारत के बाहर से भी किसी देश से दी जा रही हैं। इस बारे में फिलहाल जांच एजेंसियां किसी भी देश का नाम नहीं ले रही हैं। एजेंसियों का कहना है कि तफ्तीश जारी है। इसी के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। लेकिन अभी तक एजेंसियों के पास धमकी देने वाले मामले में ऐसा कुछ हाथ नहीं लगा है। जिससे धमकियों के इस दौर को अपने स्तर पर रोका जा सके।
