मुजफ्फरपुर
जन सुराज के नेता और चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोला है। यह हमला नीतीश कुमार की आगामी 15 दिसंबर से शुरू होने वाली ‘बिहार यात्रा’ को लेकर है। प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार को बिना सुरक्षा के एक पंचायत में पैदल चलने की खुली चुनौती दी है। पिछले दो सालों से बिहार में पदयात्रा कर रहे पीके ने अपनी यात्रा की तुलना नीतीश की प्रस्तावित यात्रा से की। उन्होंने जनता से सीधे जुड़ाव पर ज़ोर दिया।
प्रशांत किशोर पिछले वर्षों से बिहार के गांव-गांव घूम रहे हैं। वे जनता से सीधे संवाद कर रहे हैं और उन्हें जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। इसी बीच नीतीश कुमार ने 15 दिसंबर से ‘बिहार यात्रा’ शुरू करने की घोषणा की है। इस पर किशोर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
पीके ने नीतीश कुमार को सीधी चुनौती देते हुए कहा, ‘नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं न। उनको मैंने खुली चुनौती दे रखी है कि आप एक पंचायत में बिना सुरक्षा के पैदल चलकर दिखा दें।’ प्रशांत किशोर ने अपनी पदयात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि वे बिना किसी सुरक्षा के गांवों में रहते हैं, सोते हैं और हर वर्ग के लोगों से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने उनके प्रयासों की सराहना की है। चाहे लोग उन्हें वोट दें या न दें, लेकिन किसी ने उनके प्रयासों को गलत नहीं बताया है।
मैं घर-परिवार छोड़कर यात्रा शुरू की, मुझसे कोई भी मिल सकता है: पीके
प्रशांत किशोर ने अपनी यात्रा को जनता से जुड़ने का सच्चा प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना घर-परिवार छोड़कर यह यात्रा शुरू की है। उनके साथ कोई सुरक्षाकर्मी नहीं है। वे गांव-गांव पैदल जाते हैं। लोग उनसे मिल सकते हैं, बात कर सकते हैं, गाली दे सकते हैं या आशीर्वाद दे सकते हैं। प्रशांत किशोर के अनुसार, यही असली जनसंपर्क है। बाकी का तो दिखावा है।
