गुवाहाटी
इंडियन प्रीमियर लीग 2025 के 11वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने आखिरी ओवर के रोमांच में चेन्नई सुपर किंग्स को 6 रन से हरा दिया। लगातार दो हार के बाद राजस्थान को 18वें सीजन में पहली जीत मिली है। इस मुकाबले में राजस्थान की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 182 रन का स्कोर खड़ा किया था। इसके जवाब में सीएसके ने दमदार खेल बावजूद 20 ओवर के खेल में 6 विकेट पर 176 रन ही बना पाई। इस तरह राजस्थान रॉयल्स की टीम 18वें सीजन में हार की हैट्रिक से बच गई।
राजस्थान के खिलाफ इस मैच में लक्ष्य का पीछा का करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत कुछ खास नहीं थी। पहले ही ओवर में ओपनर बल्लेबाज रचिन रविंद्र को जोफ्रा आर्चर ने आउट कर दिया। इसके बाद राजस्थान के गेंदबाजों ने कसी हुई बॉलिंग की, जिससे सीएसके की टीम एक समय पर दबाब में आ गई थी, लेकिन कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने धैर्यपूर्ण पारी खेलते हुए मैच को रोमांचक बना दिया।
राजस्थान की बैटिंग में चमके थे नितीश राणा
इससे पहले राजस्थान के लिए बल्लेबाजी में नितीश राणा ने कमाल का खेल दिखाया। नीतिश राणा ने 36 गेंद में 81 रन बनाए लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स को आईपीएल के मैच में रविवार को नौ विकेट पर 182 रन पर रोक दिया। नीतिश ने चेन्नई के गेंदबाजों पर दबाव बनाते हुए अपनी पारी में 10 चौके और पांच छक्के लगाए। इससे पहले चेन्नई के कप्तान रूतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था।
अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे रॉयल्स के कप्तान रियान पराग (37) ने दो चौके और दो छक्के लगाए लेकिन उनकी पारी में लय का अभाव दिखा । रॉयल्स आखिरी पांच ओवर में 37 रन ही बना सके। लेकिन रॉयल्स के लिये अच्छी बात यह है कि 2019 के बाद से चेन्नई की टीम 180 से ऊपर के लक्ष्य का पीछा कर पाने में नाकाम रही है।
राजस्थान की शुरुआत रही थी खराब
मुकाबले में रॉयल्स की शुरूआत अच्छी नहीं रही और पहली गेंद पर चौका जड़ने के बाद सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को खलील ने आउट कर दिया। इसके बाद नीतिश और संजू सैमसन (20) ने 42 गेंद में 82 रन की साझेदारी की। नीतिश ने फ्लिक, पूल , स्लॉग स्वीप जैसे कई शॉट खेले। उन्होंने सिर्फ 21 गेंद में पहला पचासा पूरा किया। रॉयल्स ने पावरप्ले में एक विकेट पर 79 रन बनाए जो आईपीएल के इतिहास में उनका तीसरा सर्वोच्च स्कोर है।
