— श्रीमती कृष्णा गौर ने गोविंदपुरा क्षेत्र के वार्ड-61 में भ्रमण कर रहवासियों की सुनीं समस्याएं
भेल भोपाल।
पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों को समय पर काम करना होगा। जिम्मेदार अधिकारियों के लंबे समय तक विभागों में फाइल अटकाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने शुक्रवार को वार्ड-61 में औचक निरीक्षण कर रहवासियों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही उनका निराकरण किया।
राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने भ्रमण के दौरान कहा कि नागरिक सुविधाओं के स्थायी समाधान के लिए हम संकल्पित हैं। हमारा निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं रहे, इसके लिए आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने आज गोविंदपुरा विधानसभा के वार्ड-61 में भ्रमण की शुरुआत श्री शिव मंदिर निर्मल पैलेस से की। यहां पर स्थानीय रहवासियों ने पेयजल से जुड़ी कुछ परेशानियाँ बताईं। स्थानीय नागरिकों ने पानी का प्रेशर कम होना और निर्धारित समय से कम अवधि तक पानी मिलने की शिकायत की। इन समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने अधिकारियों को पाइपलाइन
का प्रेशर ठीक करने, पानी लाइन के नेटवर्क को दुरुस्त करने और जल आपूर्ति की समय सीमा बढ़ाने के निर्देश दिए।
लवकुश नगर , समृद्धि परिसर खजूरीकलां के रहवासियों ने कहा कि यहां मौजूद 40 फीट रोड पर बारिश में पानी भर जाता है। रहवासियों ने नाली पर से अतिक्रमण हटा कर सफाई की मांग की। राज्यमंत्री ने तुरंत ही अधिकारियों से पानी निकासी की व्यवस्था बनाने और मंदिर में पेविल ब्लॉक लगाने के निर्देश दिए हैं। रचना विहार एवं अवंतिका विहार में रहवासियों ने कॉलोनी की प्रस्तावित सड़क एवं पार्क सौंदर्यीकरण कार्यों के शीघ्र व गुणवत्तापूर्ण पूर्णता हेतु अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंदिर सौंदर्यीकरण कार्य हेतु विधायक निधि से ₹5 लाख की सहयोग राशि प्रदान की गई है, ताकि धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का स्वरूप और अधिक आकर्षक बन सके। तुलशी परिसर में मार्ग चौड़ीकरण, नाला सफाई, सीवेज के खुले में बहने तथा मंदिर सौंदर्यीकरण को लेकर नागरिकों द्वारा व्यक्त की गई चिंताओं को गम्भीरता से लिया गया है और संबंधित अधिकारियों को इन सभी समस्याओं के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए हैं।
अमृतपुरी खजुरीकलां क्षेत्र के अमृतेश्वर महादेव मंदिर में भ्रमण के दौरान रहवासियों से स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। पार्क के सौंदर्यीकरण व बाउंड्रीवाल की मांग को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। श्री त्रयंबकेश्वर मंदिर टैगौर नगर में रहवासियों ने खाली पड़ी जमीन को पार्क में विकसित करने की मांग की। नाली चौक होने से सीवेज की समस्या से भी अवगत कराया। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने मांग को प्राथमिकता पर लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र 100 मीटर की खराब हुई सीवेज लाइन को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। राधाकुंज कालोनी में रहवासियों ने पुलिया के निर्माण, ट्रांसफार्मर खराब होने, नर्मदा जल नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराया। इसी तरह श्रीराम साई परिसर के रहवासियों ने बारिश के पानी की निकासी नहीं होने, सीवेज लाइन के नेटवर्क को दुरुस्त करने और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की मांग की।
