भेल भोपाल।
भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड भोपाल इकाई द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान का आयोजन 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) बीएचईएल की अगुवाई में नगर निगम भोपाल के सहयोग से वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत, भोपाल नगर निगम के सहयोग से बीएचईएल के 5 नंबर गेट, रामलीला मैदान एवं शास्त्री पार्क, ए-सेक्टर पिपलानी एवं विजय मार्केट, ए-सेक्टर बरखेड़ा में सफाई की गई। जंगली झाड़ियों की कटाई एवं निष्पादन का कार्य भी व्यापक रूप से संपन्न हुआ।
भारत सरकार के महत्वाकांक्षी स्वच्छता मिशन के तहत, नगर प्रशासन विभाग एवं बीएचईएल द्वारा हर शनिवार को नगर प्रशासन, सिविल, बिजली एवं जल आपूर्ति विभागों के सहयोग से स्वच्छता कार्य किए जाते हैं। यह कार्य विभिन्न संस्थाओं एवं जनभागीदारी के माध्यम से पूरी टाउनशिप में किया जाता है, जिसमें मुख्य रूप से सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई शामिल है।अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर कचरे का निपटान, सड़कें एवं पार्कों की सफाई, और वेस्ट मैनेजमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु पोस्टर एवं बैनर लगाए गए।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाना, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखना और बीएचईएल एवं नगर निगम द्वारा किए गए स्वच्छता कार्यों में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल शासकीय प्रयासों तक सीमित नहीं है अपितु इसमें नागरिकों एवं संस्थाओं का सक्रिय योगदान भी आवश्यक है। ऐसे प्रयासों से हम अपने शहरों और गाँवों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वस्थ बना सकते हैं। निरंतर प्रयास के द्वारा हम अपने देश के स्वच्छ भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।
