भोपाल
बीएचईएल भोपाल इकाई के प्रबंधन और श्रमिक संगठनों के बीच रविवार व अवकाश के दिनों में कार्य के बदले भुगतान को लेकर गतिरोध बढ़ता नजर आ रहा है। ऑल इंडिया बीएचईएल एम्पलाईज यूनियन (ऐबू) संबद्ध निफ्टू ने शुक्रवार को कार्यपालक निदेशक को ज्ञापन सौंपकर अन्य इकाइयों की भांति नकद भुगतान की व्यवस्था तत्काल लागू करने की मांग की है।
‘समान कार्य, असमान व्यवहार’ का आरोप
यूनियन के कार्यवाहक अध्यक्ष आशीष सोनी ने प्रबंधन को अवगत कराया कि बीएचईएल की त्रिची और हैदराबाद इकाइयों में नवंबर 2025 से ही रविवार को कार्य करने पर नकद भुगतान किया जा रहा है। भोपाल इकाई में अब तक यह व्यवस्था लागू न होने को यूनियन ने ‘अन्यायपूर्ण’ करार दिया है।
उत्पादन के दबाव के बीच असंतोष
यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामनारायण गिरी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम तिमाही (Quarter 4) के चलते उत्पादन का भारी दबाव है और अधिकांश विभागों में कर्मचारी रविवार को भी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में अतिरिक्त परिश्रम के बदले उचित वित्तीय लाभ न मिलना कर्मचारियों में मानसिक तनाव पैदा कर रहा है।
निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है स्थानीय प्रबंधन
ज्ञापन में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि 30 जनवरी 2026 को हुई ‘इंसेंटिव रिव्यू’ समिति की बैठक में कॉर्पोरेट कार्यालय के एचआर विभाग ने स्पष्ट किया था कि इकाइयों का स्थानीय प्रबंधन इस संबंध में निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है।
यूनियन की मुख्य मांगें:
रविवार और सार्वजनिक अवकाश पर किए गए कार्य का तत्काल नकद भुगतान,अन्य इकाइयों (त्रिची/हैदराबाद) के साथ भुगतान नीति में समानता,कार्य के अतिरिक्त बोझ को देखते हुए वित्तीय प्रोत्साहन इसके बाद भी प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो यूनियन को आंदोलनात्मक कदम उठाने को विवश होना पड़ेगा।
Read Also :- हेमंत कटारे ने दिया उप नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा
