भोपाल
सागर भारतीय सेना के तत्वावधान में शाहबाज डिवीजन द्वारा “शौर्य रन 2026” थीम के अंतर्गत “सागर ट्रेल रन 2026” का 7 मार्च को सागर सैन्य स्टेशन में भव्य आयोजन किया गया। इस दौड़ में सैनिकों और स्थानीय नागरिकों सहित लगभग 1150 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता, फिटनेस और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। दौड़ का आयोजन सागर सैन्य स्टेशन के रमणीय और मनोहारी वातावरण में किया गया। विंध्याचल रेंज की प्राकृतिक वादियों से होकर गुजरने वाले क्रॉस कंट्री मार्ग, सुव्यवस्थित सैन्य प्रशिक्षण मैदान और हरित-स्वच्छ पर्यावरण ने प्रतिभागियों को एक अनूठा और प्रेरणादायी अनुभव प्रदान किया। प्राकृतिक सौंदर्य और अनुशासित सैन्य वातावरण के समन्वय ने आयोजन को विशेष गरिमा दी। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
5 किमी महिला वर्ग में अंजिली अहिरवार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 12 किमी महिला वर्ग में शीतल कुशवाहा विजेता रहीं। 12 किमी पुरुष वर्ग (35 वर्ष से कम आयु) में सनी प्रजापति प्रथम रहे, जबकि 12 किमी पुरुष वर्ग (35–50 वर्ष आयु) में सईद सेहजाद रज़ा ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग की नागरिक श्रेणी में सुरेन्द्र ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी उत्कृष्ट फिटनेस और धैर्य का प्रदर्शन किया। शाहबाज डिवीजन द्वारा की गई सूक्ष्म योजना, सुदृढ़ प्रशासनिक प्रबंधन और प्रभावी समन्वय के कारण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रतिभागियों, विशेषकर स्थानीय नागरिकों के उत्साह को देखते हुए यह निर्णय लिया गया कि “सागर ट्रेल रन” का आयोजन अब प्रतिवर्ष नवंबर–दिसंबर माह में नियमित रूप से किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार Indian Army न केवल देश की सीमाओं की सुरक्षा करती है, बल्कि समाज के साथ सकारात्मक जुड़ाव के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। “शौर्य रन 2026” इसी दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ, जिसने युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और देशसेवा के प्रति प्रेरित किया।
Read Also :- पार्किंग विवाद में ऑटो चालक पर चाकू से जानलेवा हम
