मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को नव संवत्सर, चैत्र नवरात्र स्थापना (19 मार्च) और राजस्थान दिवस के पावन अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने समस्त नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि की कामना करते हुए प्रदेश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया है। अपने संदेश में श्री शर्मा ने कहा कि चैत्र नवरात्र मातृ शक्ति की आराधना का वह महापर्व है, जो हमें आत्मशुद्धि और संयमित जीवन जीने की प्रेरणा देता है। उन्होंने देवी दुर्गा के नौ रूपों को मातृ शक्ति की महत्ता का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने यह भी रेखांकित किया कि नव संवत्सर का आगमन हम सभी के लिए नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ने और समाज के उत्थान में योगदान देने का अवसर है।
सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ रही नई पीढ़ी मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उल्लेख किया कि गत वर्ष राजस्थान दिवस को चैत्र शुक्ल प्रतिपदा (नव संवत्सर) के दिन मनाने की जो ऐतिहासिक पहल की गई थी, उसे लेकर आमजन में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस अवसर पर राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर में विविध सांस्कृतिक और गौरवमयी कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, यह अनूठी पहल हमारी सांस्कृतिक जड़ों को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध परंपराओं और इतिहास से रूबरू कराने का एक सशक्त माध्यम सिद्ध हो रही है।
Read Also :- बीएचईएल देश के विकास की आधारशिला — केंद्रीय मंत्री कुमारस्वामी
