भोपाल
बीएचईएल (भेल) लेडीज एजुकेशनल वेलफेयर विंग के तत्वावधान में लेडीज क्लब द्वारा सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक और सराहनीय कदम उठाया गया है। क्लब की अध्यक्षा श्रीमती रोजी उपाध्याय के नेतृत्व में अन्नानगर क्षेत्र की जरूरतमंद महिला सफाई कर्मचारियों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए श्रीमती उपाध्याय ने कहा कि लेडीज क्लब केवल आपसी मेल-मिलाप का मंच नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति के मूल्यों को संजोने और समाज सेवा के संकल्प को पूरा करने का माध्यम भी है। उन्होंने बताया कि क्लब द्वारा समय-समय पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है, जिससे सदस्यों के बीच एकता और सौहार्द बना रहे।
कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर
श्रीमती उपाध्याय ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाना है। उन्होंने साझा किया कि, “क्लब द्वारा कई व्यावसायिक और कौशल विकास से जुड़े कोर्स कराए जा रहे हैं, ताकि समाज की महिलाएं और बच्चे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।” वर्तमान में क्लब की विभिन्न विंग्स समाज के कमजोर और आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
