भोपाल
राजधानी के वार्ड 66 स्थित इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासियों के आशियानों पर मंडरा रहे संकट को देखते हुए मंगलवार को वरिष्ठ नेताओं और प्रभावित परिवारों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। लेबर कॉलोनी में रहने वाले पट्टा धारियों के मकानों को हटाए जाने की प्रशासनिक तैयारी के विरोध में सैकड़ों लोगों ने भोपाल कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराया।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, न्याय की अपील
प्रतिनिधिमंडल के साथ पहुंचे वरिष्ठ नेताओं ने भोपाल कलेक्टर से विस्तृत चर्चा की और एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि इन परिवारों के पास वैध पट्टे हैं और दशकों से वे यहाँ निवास कर रहे हैं। नेताओं ने मांग की कि विकास या किसी अन्य योजना के नाम पर गरीबों को बेघर करना सरासर अन्याय है।
सैकड़ों लोग पहुंचे कलेक्ट्रेट
प्रदर्शन के दौरान इंद्रपुरी लेबर कॉलोनी के निवासी अपने वैध दस्तावेज हाथों में लिए नजर आए। उपस्थित नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गरीबों के साथ अन्याय हुआ, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने मांग की है कि प्रशासन मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस बेदखली की कार्रवाई को तत्काल रोके और गरीब परिवारों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित न किया जाए। कलेक्टर ने ज्ञापन लेने के बाद मामले की जांच कर न्यायोचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है।
Read Also :- अग्रवाल महिला महासभा की प्रदेश अध्यक्ष सहित 50 से अधिक पदाधिकारियों ने दिया इस्तीफा
