भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने अपने आधुनिकीकरण एवं तकनीकी उन्नयन अभियानों के अंतर्गत मंगलवार, को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। कारखाने के ब्लॉक-1A में स्थापित ‘PRO-ARC’ फ्लेम कटिंग मशीन की उन्नत सीएनसी पीएलसी (CNC PLC) ड्राइव मोटर प्रणाली का सफलतापूर्वक उद्घाटन किया गया। इस अत्याधुनिक प्रणाली का लोकार्पण बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक श्री पी. के. उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ महाप्रबंधक (WEX एवं MOD) अशीष औरंगाबादकर, महाप्रबंधक (SOM) राजेश अग्रवाल और महाप्रबंधक (फैब्रिकेशन) आलोक सेंगर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह उन्नयन परियोजना बीएचईएल की विनिर्माण प्रक्रियाओं में दक्षता, सटीकता और विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी। उन्नत PRO-ARC फ्लेम कटिंग मशीन के संचालन से न केवल उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, बल्कि फैब्रिकेशन कार्यों में भी उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार, यह कदम बीएचईएल भोपाल की अत्याधुनिक तकनीकों को अपनाने और अपनी विनिर्माण क्षमताओं को वैश्विक मानकों के अनुरूप सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस नई तकनीक के समावेश से देश के औद्योगिक विकास और ऊर्जा क्षेत्र की जरूरतों को पूरा करने में बीएचईएल का योगदान और अधिक सशक्त होगा।
