भोपाल। बीएचईएल भोपाल में मै.सीआईआई (CII) द्वारा पर्यावरण के मानकों के अनुसार ग्रीनको सर्टिफिकेशन हेतु तीन सदस्यीय ऑडिटर दल द्वारा दो दिवसीय ऑडिट किया गया । बैठक की अध्यक्षता प्रदीप कुमार उपाध्याय, कार्यपालक निदेशक बीएचईएल भोपाल ने की। उपाध्याय ने बीएचईएल भोपाल द्वारा इस दिशा में किए जा रहे मुख्य कार्यों से सीआईआई टीम को अवगत कराया। बैठक में सभी महाप्रबंधकगण एवं वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।
कार्यपालक निदेशक महोदय के नेतृत्व एवं दिशा निर्देशन में चल रहे इस दो दिवसीय ऑडिट का समापन बीएचईएल, भोपाल के एचएसई विभाग में बैठक के साथ सम्पन्न हुआ। अपने संबोधन में अपर महाप्रबंधक (एच.एस.ई.) ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया एवं आडिट कार्यक्रम के विभिन्न चरणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इकाई प्रमुख के नेतृत्व में सस्टेनेबल ग्रोथ, हरित बीएचईएल, नेट जीरो पर काफी कार्य किया जा रहा है जो कि कॉर्पोरेट बीएचईएल एवं भारत सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के अनुरूप है।
उन्होंने बीएचईएल प्रबंधन की ओर से ऑडिट-टीम को आश्वस्त किया कि बीएचईएल भोपाल हमेशा से ही बेहतर प्रयास हेतु प्रतिबद्ध है, अतः ऑडिट-टीम द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों के अनुसार कार्य करते रहेंगे एवं जो भी कमियाँ या सुझाव हैं उन पर सकारात्मक रूप से शीघ्रातिशीघ्र कार्य किया जाएगा।
मै. सी.आई.आई. के ऑडिटर, के. के. चक्रवर्ती, राजेश चंद्रा एवं सोहेल खान ने ग्रीनको सर्टिफिकेशन ऑडिट की विस्तृत विवेचना की। उन्होंने बताया कि इस ऑडिट के दौरान आपसी संवाद, शॉप राउंड एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पर ज़ोर दिया गया तथा बीएचईएल, भोपाल के विभागों द्वारा मेटेरियल सेविंग, ऊर्जा सरंक्षण, वेस्ट रिडक्शन एवं पर्यावरण सरंक्षण के लिए किए जा रहे अन्य विभिन्न कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने इस सर्टिफिकेशन ऑडिट में बीएचईएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग के लिए सभी को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार मीना, प्रबंधक एवं धन्यवाद ज्ञापन गिरिराज अग्रवाल, उप महाप्रबंधक (एच.एस.ई.) ने किया।
