भोपाल। रायसेन रोड स्थित पटेल नगर के जागृत तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर में बुधवार, 22 अप्रैल को जगद्गुरु आदि शंकराचार्य जी का पावन जन्मोत्सव श्रद्धा और वैदिक विधि-विधान के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।
कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए श्री श्री 1008 श्री दादाजी गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिवरतन नामदेव ने बताया कि बुधवार प्रातः 11:00 बजे मंदिर के गर्भगृह की परिक्रमा में स्थापित आदि शंकराचार्य जी की प्रतिमा का विधिवत अभिषेक और पूजन किया जाएगा।
इसके पश्चात सार्वजनिक कल्याण की कामना के साथ हवन एवं आरती संपन्न होगी और उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। सनातन धर्म के पुनरुत्थान में आदि शंकराचार्य जी के योगदान को याद करते हुए ट्रस्टियों ने बताया कि अद्वैत वेदांत के प्रचार और चार प्रमुख मठों की स्थापना करने वाले महान दार्शनिक का जन्मोत्सव हर वर्ष मंदिर में गरिमापूर्ण तरीके से मनाया जाता है। दादाजी धाम परिवार ने समस्त धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार इस पूजनोत्सव में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
